
Ajmer Sarwar Kekri Road Accident: केकड़ी (अजमेर): अजमेर में सरवाड़-केकड़ी मार्ग पर गुरुवार सुबह सूरजपुरा गांव के निकट भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भीषण था कि दोनों मृतक करीब 20 मिनट तक ट्रेलर के नीचे दबे रहे। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग बड़ी संख्या में एकत्र हो गए।
जानकारी के मुताबिक, सरवाड़ निवासी तीन युवक गुरुवार सुबह बाइक पर सवार होकर केकड़ी जा रहे थे। इसी दौरान सूरजपुरा गांव के निकट सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों युवक सड़क पर गिर गए। इनमें से दो युवक ट्रेलर के नीचे दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद दोनों युवक ट्रेलर के नीचे फंस गए। करीब 20 मिनट तक वे उसके नीचे दबे रहे। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में जुट गए।
सूचना मिलने पर सरवाड़ थाना प्रभारी रामपाल शर्मा पुलिस जाब्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य करवाया। गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद अजमेर रेफर कर दिया गया। मृतक दोनों युवक सरवाड़ निवासी बताए जा रहे हैं। वहीं, ट्रेलर चालक के शराब के नशे में होने का आरोप भी सामने आया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
नागौर जिले के मकराना क्षेत्र के ग्राम बरवाला में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां ट्रैक्टर और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में पिता-पुत्र की मौत हो गई। हादसे के बाद दोनों को मकराना उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान 25 वर्षीय चैनाराम और उनके 6 वर्षीय पुत्र कार्तिक के रूप में हुई है। पोस्टमॉर्टम के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंपे गए।