अजमेर

राजस्थान: बैंक ऑफ बड़ौदा की ब्रांच में बड़ी चोरी, 2 लॉकर तोड़कर 100 तोला सोना और 850 ग्राम चांदी ले उड़े चोर

अजमेर के सावर कस्बे में बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा में बड़ी चोरी का खुलासा हुआ। चोर छत काटकर लॉकर रूम में घुसे और दो लॉकर तोड़कर करीब 100 तोला सोना और 850 ग्राम चांदी चुरा ले गए। पुलिस जांच में जुटी है, फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं।
2 min read
Jan 20, 2026
Ajmer Sawar Big Theft at Bank of Baroda
Ajmer Sawar Theft at Bank of Baroda (Patrika Photo)

अजमेर: सावर कस्बे में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब नगरपालिका कार्यालय के पास स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा में बड़ी चोरी का खुलासा हुआ। चोर बैंक भवन की पिछली दीवार से छत पर चढ़े और कटर से छत काटकर सीधे लॉकर रूम में प्रवेश कर गए।

यहां उन्होंने दो लॉकर तोड़कर उनमें रखे करोड़ों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। चोरी की वारदात का पता सोमवार सुबह बैंक खुलने पर चला। बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने निर्धारित समय पर बैंक खोला तो लॉकर रूम की छत टूटी हुई और लॉकर क्षतिग्रस्त मिले। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई।

सावर थाना प्रभारी राधेश्याम जाट ने बताया कि चोरों ने लॉकर नंबर 60 और 64 को कटर से काटा। लॉकर नंबर 60 सावर निवासी इंद्रराज शर्मा के नाम था, जिसमें से करीब 80 तोला सोने के जेवरात चोरी हुए हैं। वहीं, लॉकर नंबर 64 लोकेश पारीक के नाम दर्ज था, जिसमें से 27.5 तोला सोना और करीब 850 ग्राम चांदी के जेवरात चोरी हुए हैं।

प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चोरी की वारदात शनिवार या रविवार की रात को अंजाम दी गई, क्योंकि रविवार को बैंक अवकाश था। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर मौके पर ही इलेक्ट्रिक कटर और छत तोड़ने में इस्तेमाल किए गए अन्य उपकरण छोड़कर फरार हो गए।

रात में चौकीदार की व्यवस्था नहीं

इस चोरी के बाद बैंक की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। रात के समय बैंक में चौकीदार की कोई व्यवस्था नहीं थी। सूचना मिलते ही सावर थाना प्रभारी पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। बाद में केकड़ी डीएसपी हर्षित शर्मा तथा एएसपी केकड़ी राजेश कुमार मील भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने बैंक स्टॉफ की मौजूदगी में टूटे लॉकरों की जांच कराई। अजमेर से आई फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने बैंक और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले।

हालांकि, फिलहाल कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। केकड़ी डीएसपी हर्षित शर्मा ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और जल्द ही वारदात का पर्दाफाश किया जाएगा।

Published on:
20 Jan 2026 12:04 am