Ajmer Six Lane Road : लोहागल तिराहे से जनाना अस्पताल तक सिक्स-लेन सड़क निर्माण में बाधा बन रहे निर्माणों पर अजमेर विकास प्राधिकरण की टीम ने कार्रवाई अंजाम दी। टीम ने लोहागल में मुख्य सड़क के निकट बनी दुकानें और अन्य अतिक्रमण हटाए।
Ajmer Road Project: अजमेर। लोहागल तिराहे से जनाना अस्पताल तक सिक्स-लेन सड़क निर्माण में बाधा बन रहे निर्माणों पर अजमेर विकास प्राधिकरण की टीम ने कार्रवाई अंजाम दी। टीम ने लोहागल में मुख्य सड़क के निकट बनी दुकानें और अन्य अतिक्रमण हटाए। इस दौरान एक अधिकारी के मकान को छोड़ने पर विरोध की स्थिति बन गई। इससे सड़क पर जाम के से हालात हो गए। एडीए की टीम ने उसे अपने स्तर पर अतिक्रमण हटाने पर पाबंद किया।
लोहागल से जनाना अस्पताल तक सिक्स लेन सड़क निर्माण कार्य जारी है। अजमेर विकास प्राधिकरण की टीम मंगलवार को लोहागल तिराहे से राजकीय सीनियर सेकंडरी स्कूल तक सिक्स-लेन सड़क मार्ग की जद में आ रहे अतिक्रमण हटाने पहुंची। प्राधिकरण की टीम के साथ पुलिस जाप्ता भी मौजूद रहा।
तहसीलदार महेश शेशमा, उपायुक्त उत्तर अनिल चौधरी सहित अधीक्षण अभियंता, सहायक, कनिष्ठ पटवारी और अन्य के नेतृत्व में टीम ने मार्गाधिकार में आ रही करीब 30-35 दुकानें और अन्य पक्के निर्माण 6 जेसीबी से ध्वस्त कर दिए। मार्गाधिकार में हुए इन अनियमित एवं पक्के निर्माणों से कामकाज प्रभावित हो रहा था।
एक प्रशासनिक अधिकारी के बहुमंजिला भवन को छोड़ने पर लोगों ने विरोध जताया। इस पर एडीए टीम ने संबंधित अधिकारी को अपने स्तर पर निर्माण हटाने के लिए पाबंद किया। इस दौरान सड़क पर वाहनों के जाम जैसी स्थिति भी बन गई।
सिक्स-लेन सड़क की लंबाई 3.2 किलोमीटर है। इसकी प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति 20.28 करोड़ रुपए की है। कार्य का शिलान्यास बीते साल 18 अगस्त को विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने किया था। कार्य को पूर्ण करने की अवधि 14 नवम्बर 2026 निर्धारित की गई है। सड़क के दोनों ओर स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज (नाला निर्माण) का 50 प्रतिशत कार्य हो चुका है।
कार्रवाई से पूर्व प्राधिकरण के अधीक्षण अभियंता, सहायक अभियंता एवं कनिष्ठ अभियंताओं ने लोगों से बातचीत की। उन्होंने स्वेच्छा से अतिक्रमण नहीं हटाने पर नियमानुसार कार्रवाई की बात कही। अधिकांश दुकानों-पक्के मकानों से सामान पहले ही निकाल लिया था।