
सरवाड़ नगरपालिका कार्यालय में चर्चा करते विधायक गौतम। फोटो पत्रिका
सरवाड़ (अजमेर)। क्षेत्रीय विधायक शत्रुघ्न गौतम ने सरवाड़ को स्मार्ट शहर के रूप में विकसित करने की घोषणा करते हुए कहा कि आगामी समय में यहां 100 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्य कराए जाएंगे। वे मंगलवार को नगरपालिका कार्यालय में जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
विधायक ने बताया कि सरवाड़ के समग्र विकास के लिए रोडमैप तैयार किया जा रहा है। इसकी शुरुआत के तहत हाल ही में 400 बीघा से अधिक भूमि नगरपालिका को हस्तांतरित की गई है, जहां नई आवासीय कॉलोनियां विकसित की जाएंगी। इससे शहर के विस्तार के साथ विकास के नए अवसर खुलेंगे। उन्होंने तहसीलदार बंटी राजपूत और अधिशासी अधिकारी प्रताप सिंह भाटी को भूमि का निरीक्षण कर टाउनशिप विकसित करने की कार्ययोजना तैयार करने तथा हाउसिंग बोर्ड के लिए भूमि उपलब्धता की रिपोर्ट बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में विधायक ने भाजपा मंडल अध्यक्ष को सभी वार्डों में सड़कों और अन्य आवश्यक विकास कार्यों की सूची तैयार करने को कहा। उन्होंने बताया कि भविष्य में अधिकांश कार्य सार्वजनिक निर्माण विभाग के माध्यम से कराए जाएंगे, जिससे गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित हो सके।
पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए बिछाई जा रही पाइपलाइन कार्यों की समीक्षा करते हुए गौतम ने अधिकारियों को लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। साथ ही जहां सड़कों की खुदाई हो रही है, वहां लाइन टेस्टिंग के बाद तुरंत मरम्मत कराने को कहा।
शहर को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने पर जोर देते हुए उन्होंने गणेश मंदिर क्षेत्र में एक और चौपाटी निर्माण की जानकारी दी तथा मंदिर के दूसरी ओर और सूर्य तलाई के आसपास भी चौपाटी विकसित करने पर सहमति जताई। उन्होंने कहा कि इससे शहर की सुंदरता बढ़ेगी और रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
बरसात के दौरान जलभराव की समस्या के समाधान के लिए गणेश तालाब से गांधी उद्यान होते हुए स्वरूप कॉलोनी तथा गणेश तालाब से सिंदूर सागर तक नालों के निर्माण की योजना बनाने के निर्देश भी दिए। बैठक में भाजपा मंडल अध्यक्ष प्यारेलाल खींची, किशन सिंह लाखनोत, सुरेश माली, रंगलाल माली, पालिका के सहायक राजस्व निरीक्षक भागचंद खींची आदि ने भी सुझाव प्रस्तुत किए।
Updated on:
08 Apr 2026 05:01 pm
Published on:
08 Apr 2026 04:14 pm
बड़ी खबरें
View Allअजमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
