
अजमेर। शहर में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही है। अजमेर में चोरों ने 10 से 15 दिन तक धीरे-धीरे करके कांग्रेस नेता के मकान में चोरी की और लाखों का माल चुरा लिया। दरगाह थाने के होलीदड़ा स्थित सत्यनारायण मंदिर के पास चोरों ने कांग्रेस नेता के पुश्तैनी सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपए के माल समेट लिया। चोर मकान की दो तिजोरियां तोड़कर करीब साढ़े 400 ग्राम सोना, चांदी के बर्तन, नकदी तथा पीतल-तांबे के बर्तन चुराए। चोरी गए सामान की कीमत 20-30 लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार राजनारायण आसोपा का होलीदड़ा स्थित सत्यनारायण मंदिर के पास पुश्तैनी से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान चोर ने मकान की रेकी कर उसे निशाना बनाया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी एक रात में नहीं बल्कि करीब 10 से 15 दिन तक धीरे-धीरे चोरी की वारदात को अंजाम देता रहा। पड़ोसियों ने उसको खिड़की से उतरते देखा तो मकान मालिक को सूचना दी। तब जाकर चोरी का पता चला।
आसोपा ने बताया कि चोर मकान के तीनों कमरों के ताले तोड़कर अंदर घुसा। दो कमरे में रखी दो तिजोरियों को भी तोड़ दिया। तिजोरियों में रखे जेवर, चांदी के बर्तन और नकदी चुरा ले गया। पड़ोसी ने चोरी की सूचना दी थी। उन्होंने एक संदिग्ध व्यक्ति को बोरी लेकर मकान की खिड़की से नीचे उतरते देखा। उसे पकड़ने का प्रयास भी किया गया, लेकिन वह भागने में सफल रहा। बताया जा रहा है कि युवक क्षेत्र में रहता है। पुलिस संदिग्ध की पहचान का प्रयास में जुटी है।
घटना का खुलासा तब हुआ जब परिवार के सदस्य अजमेर के मकान पर पहुंचे। मकान के भीतर ताले टूटे हुए मिले। सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। कमरे और तिजोरियों के टूटे होने की स्थिति देखकर परिवार के होश उड़ गए। इसके बाद तत्काल दरगाह थाना पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर दरगाह थाना पुलिस मौके पर पहुंच घटनास्थल का जायजा लिया। एफएसएल टीम ने फिंगर प्रिंट उठाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में संदिग्ध युवक की तलाश में जुटी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी की पहचान करके मामले का खुलासा किया जाएगा।