Ajmer well Accident : टॉडगढ़ क्षेत्र के हामा देवरी (काना खेजड़ी) गांव में हुए हृदयविदारक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। बकरियों को पानी पिलाने के दौरान कुएं में गिरी पत्नी को बचाने के लिए पति ने बिना एक पल गंवाए छलांग लगा दी।
Ajmer well Accident : अजमेर। टॉडगढ़ क्षेत्र के हामा देवरी (काना खेजड़ी) गांव में हुए हृदयविदारक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। बकरियों को पानी पिलाने के दौरान कुएं में गिरी पत्नी को बचाने के लिए पति ने बिना एक पल गंवाए छलांग लगा दी। लेकिन 60 फीट गहरे कुएं में दोनों की डूबने से मौत हो गई। यह हादसा ऐसे समय हुआ जब परिवार में बेटियों की शादी की तैयारियां चल रही थीं जो अब मातम में बदल गई हैं।
जानकारी के अनुसार अनीता देवी (38) पत्नी अर्जुन सिंह (42) निवासी हामा देवरी गांव बकरियों को पानी पिलाने के लिए कुएं पर गई थीं। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह गहरे कुएं में गिर गईं। पत्नी को डूबता देख अर्जुन सिंह ने बिना देर किए उसे बचाने के लिए कुएं में छलांग लगा दी। लेकिन कुएं की अधिक गहराई और पानी के कारण दोनों बाहर नहीं निकल सके।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और टॉडगढ़ थाना पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस व ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद कुएं का पानी खाली करवाकर दोनों के शव बाहर निकाले गए। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिए गए। बुधवार को दोनों का अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने नम आंखों से अंतिम विदाई दी।
सबसे दुखद पहलू यह है कि मृतक दंपती की दो बेटियों की शादी 26 अप्रेल को होने वाली थी। घर में जहां शादी की तैयारियां और खुशियों का माहौल था वहां अब हाहाकार मचा हुआ है। परिवार में तीन भाई-बहनों के सिर से मां-बाप का साया उठ गया है।
थानाधिकारी सुरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से दोनों शवों को कुएं से निकाला गया। प्रारंभिक जांच में यह दुर्घटना प्रतीत हो रही है। हालांकि पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।