अजमेर

अजमेर में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, तीन बच्चों के सिर से उठा मां का साया, पुलिस जांच में सामने आई बड़ी बात

Ajmer Married Woman Death: अजमेर के हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने शव को जेएलएन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
2 min read
Sep 17, 2026
Ajmer married woman death
अजमेर. जेएलएन अस्पताल की मोर्चरी के बाहर बैठे परिजन (Photo-Patrika)

अजमेर. हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सरपंच का कोटड़ा निवासी बसंती उर्फ चम्पा पत्नी शंकर सिंह रावत घर में मृत अवस्था में मिली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद शव को जवाहरलाल नेहरू अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। मामले की जांच पुलिस की ओर से की जा रही है।

मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

मामले में पुलिस परिजनों से जानकारी लेकर घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है। परिवार के लोगों के अनुसार बसंती अपने पति शंकर सिंह की शराब पीने की आदत को लेकर परेशान रहती थी। परिजनों ने बताया कि शंकर की इस आदत को लेकर घर में पहले भी कई बार समझाइश की गई थी। उसके माता-पिता भी शराब छोड़ने के लिए उसे डांट-फटकार कर समझाते थे। परिवार की ओर से लगातार कोशिश किए जाने के बावजूद उसकी आदत में बदलाव नहीं आया। पुलिस जांच में भी महिला के परेशान रहने की यह बात सामने आई है।

तीन बच्चों के सिर से उठा मां का साया

बसंती की मौत के बाद परिवार में मातम का माहौल है। उसके तीन बच्चे हैं, जिनके सिर से मां का साया उठ गया। अचानक हुई इस घटना से बच्चों के साथ परिवार के अन्य सदस्य भी सदमे में हैं। परिजनों का कहना है कि बसंती घर-परिवार की जिम्मेदारियां संभालती थी। उसकी मौत के बाद परिवार के सामने बच्चों की देखभाल और उनकी जिम्मेदारी का बड़ा सवाल खड़ा हो गया है।

पुलिस परिजनों से भी घटना के संबंध में जानकारी ले रही है। विवाहिता की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है। शव को मोर्चरी में रखवाए जाने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया की जी रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल महिला की मौत के कारणों को लेकर पुलिस की जांच जारी है और परिवार की ओर से बताई गई परिस्थितियों और मौके से मिली जानकारी के आधार पर मामले की पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Updated on:
17 Sept 2026 11:55 am
Published on:
17 Sept 2026 11:55 am