
अजमेर। जिला परिषद में जिला प्रमुख की कुर्सी पर एक बार फिर भाजपा ने कब्जा जमा लिया है। बुधवार को हुए जिला प्रमुख के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी पूजा भंसाली ने कांग्रेस की दशरथ कंवर को 10 मतों से हराकर जीत दर्ज की। पूजा भंसाली को कुल 21 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी दशरथ कंवर के खाते में 11 वोट आए। वहीं एक वोट नोटा को मिला। चुनाव परिणाम ने दोनों दलों के सियासी समीकरणों को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है। खास बात यह रही कि जिला परिषद में भाजपा के 19 सदस्य होने के बावजूद उसके प्रत्याशी को 21 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के 12 सदस्य होने के बावजूद प्रत्याशी को केवल 11 वोट ही मिल सके। ऐसे में क्रॉस वोटिंग के संकेत भी सामने आए हैं।
अजमेर जिला परिषद में कुल 33 वार्ड हैं। हाल ही में आए चुनाव परिणाम में भाजपा ने 19 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि कांग्रेस को 12 और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) को 2 सीटें मिली थीं। जिला प्रमुख का पद महिला के लिए आरक्षित था। भाजपा ने पूजा भंसाली को अपना उम्मीदवार बनाया, जबकि कांग्रेस ने दशरथ कंवर पर भरोसा जताया।
बुधवार को मतदान के बाद हुई मतगणना में पूजा भंसाली को 21 वोट मिले। कांग्रेस प्रत्याशी दशरथ कंवर को 11 वोट मिले और एक वोट नोटा में गया। इस तरह पूजा भंसाली ने 10 वोटों के अंतर से चुनाव जीत लिया। भाजपा के निर्धारित संख्या बल से दो अधिक वोट मिलने और कांग्रेस के सदस्यों की संख्या से एक वोट कम मिलने के कारण चुनाव में क्रॉस वोटिंग की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
मतदान प्रक्रिया शुरू होने के दौरान कांग्रेस नेताओं ने देरी का आरोप लगाते हुए विरोध जताया। पूर्व मंत्री रघु शर्मा और विधायक विकास चौधरी सहित कांग्रेस के नेताओं ने कहा कि पार्टी के सभी 12 सदस्य समय पर पहुंच गए हैं, ऐसे में मतदान प्रक्रिया शुरू करने में देरी क्यों की जा रही है। कांग्रेस ने पूरी प्रक्रिया सीसीटीवी निगरानी में कराने की मांग भी उठाई।
दूसरी ओर केंद्रीय राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने भाजपा की जीत का भरोसा जताया था। उन्होंने कहा कि जनता ने भाजपा के पक्ष में जनादेश दिया है और पार्टी का उम्मीदवार बहुमत से जीतेगा। उन्होंने क्रॉस वोटिंग की आशंका को विपक्ष की चिंता बताया।
भाजपा की ओर से पूजा भंसाली को प्रत्याशी घोषित किया गया था, लेकिन पार्टी की सुनीता चौधरी ने भी नामांकन फॉर्म लिया था। सुनीता चौधरी पूर्व मंत्री सांवरलाल जाट की पुत्रवधू और नसीराबाद विधायक रामस्वरूप लांबा के भाई की पत्नी हैं। हालांकि उन्होंने नामांकन दाखिल नहीं किया। इस चुनाव के साथ ही पूजा भंसाली अजमेर जिला परिषद की नई जिला प्रमुख बन गई हैं। भाजपा की इस जीत को जिले की राजनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।