कॉमर्स और विज्ञान संकाय के विपरीत प्रथम वर्ष कला में अब तक सर्वाधिक आवेदन मिले हैं।
अजमेर. सरकारी और निजी कॉलेज में प्रथम वर्ष के दाखिले जारी हैं। कॉलेज में कला संकाय विद्यार्थियों की पहली पसंद बना हुआ है। कॉमर्स और विज्ञान संकाय के विपरीत प्रथम वर्ष कला में अब तक सर्वाधिक आवेदन मिले हैं।
कॉलेज में सत्र 2019-20 में प्रथम वर्ष के ऑनलाइन आवेदन जारी है। शुरुआत में धीमे रही आवेदन की रफ्तार अब तेज हुई है। सम्राट पृथ्वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय में कला, वाणिज्य और विज्ञान संकाय में 3 हजार विद्यार्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किए हैं। इनमें बीए पार्ट प्रथम में सर्वाधिक 723 आवेदन मिले हैं।
बी.कॉम पार्ट प्रथम में 502, बीएससी पार्ट प्रथम गणित में 325 और बायलॉजी में 193 आवेदन किए गए हैं। दयानंद कॉलेज में आवेदन की रफ्तार फिलहाल धीमी है। यहां भी कला और वाणिज्य संकाय में आवेदन ज्यादा हुए हैं। विज्ञान संकाय में भी आवेदन जारी हैं। राजकीय कन्या महाविद्यालय में भी कला संकाय में आवेदन ज्यादा हुए हैं।
कभी विज्ञान का था दबदबा
अजमेर सहित प्रदेश के अधिकांश कॉलेज में कभी विज्ञान संकाय में विद्यार्थियों की सर्वाधिक रुचि रहती थी। इंजीनियर और डॉक्टर बनने वाले विद्यार्थी भी प्रथम वर्ष इन्हीं कॉलेज में पढ़ते थे। इसके चलते दशकों तक विज्ञान का दबदबा रहा। पिछले 10-15 साल में स्थिति बिल्कुल बदल गई है। अब सम्राट पृथ्वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय सहित अन्य कॉलेज में कला संकाय में सर्वाधिक दाखिले हो रहे हैं। इसके बाद कॉमर्स और विज्ञान संकाय में प्रवेश होते हैं।