अजमेर

Rajasthan Crime: 50 लाख के आभूषण के साथ बावरी गैंग के 4 गुर्गे गिरफ्तार, दिन में बेचते थे अचार और रात को वारदात

अजमेर पुलिस ने अंतर्राज्यीय बावरी गिरोह के 4 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 50 लाख रुपए कीमत के आभूषण बरामद हुए हैं। ये बदमाश दिन में अचार बेचकर रैकी करते थे और रात के समय वारदात को अंजाम देते थे।

2 min read
Apr 20, 2026
बावरी गैंग कि गिरफ्तार बदमाश (फोटो-पत्रिका नेटवर्क)

अजमेर। चोरी व नकबजनी की वारदातों पर जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय बावरी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पीसांगन थाना व साइबर सैल की संयुक्त टीम ने गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 50 लाख रुपए के जेवरात, हथियार, पिकअप वाहन व जयपुर से चुराई गई मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि 22 मार्च को अखेपुरा और रिछमालिया में चोरी की वारदात में पीसांगन थाना व साइबर सैल की टीम ने दूदू से जयपुर सांभर, बदडोती श्यामी की ढाणी हाल ससुराल दूदू दयालपुरा सेवा निवासी पप्पू बावरी (33), दिनेश बावरी (19), टोंक पीपलू के नोरगपुरा हाल बांदरसिन्दरी खातोलाई निवासी लखन मोग्या (24) व खातोलाई निवासी नेमा बावरी (42) को गिरफ्तार किया। पप्पू बावरी के खिलाफ जयपुर सेज व मानसरोवर थाने में 2 व नेमा के खिलाफ बांदरसिन्दरी थाने में तीन प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस को आरोपियों से कई वारदातें खुलने की सम्भावना है।

ये भी पढ़ें

Rajasthan: महिला नर्स के साथ छेड़खानी करने वाला डॉक्टर गिरफ्तार, सीएमओ के पद पर रहते हुए की घिनौनी हरकत

3 महीने में 10 से ज्यादा वारदात

उन्होंने बताया कि पूछताछ में गैंग ने 3 माह में अजमेर समेत अन्य जिलों में 10 से अधिक चोरी की वारदातें कबूल की। इनमें पुष्कर व पीसांगन क्षेत्र में 3, बांदरसिंदरी में 3, जसनगर दासावास और खाटूश्यामजी में 1-1 वारदात अंजाम देना कबूल किया।

दिन में रैकी, रात में वारदात

अग्रवाला ने बताया कि जांच में सामने आया कि गैंग दिन में अचार बेचने के बहाने गांवों में घूमकर बंद मकानों की रैकी करती है। रात में खिड़की की ग्रिल तोड़कर अंदर प्रवेश कर घर में सोते लोगों के कमरे बाहर से बंद कर वारदात करते हैं। आरोपी अपने साथ हथियार व गुलेल भी रखते हैं जिनका वार करने से भी नहीं चूकते।

50 लाख के जेवर, हथियार, वाहन बरामद

एसपी अग्रवाला ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से करीब 50 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, एक टोपीदार बंदूक, चोरी में इस्तेमाल पिकअप और जयपुर से चुराई गई मोटरसाइकिल बरामद की गई है। गिरोह अंतर्राज्यीय स्तर पर सक्रिय है। पुलिस को गिरोह के अन्य सदस्यों की भी तलाश है।

यों हुआ खुलासा

गत 22 मार्च को पीसांगन के अखेपुरा व रिछमालिया में एक रात में चोरी की दो वारदात पेश आई। चोर खिड़की तोड़कर अन्दर प्रवेश कर कमरों को बाहर से बंद कर सोने-चांदी के जेवर व नकदी चोरी कर ले गए। सीसीटीवी फुटेज व पुराने अपराधियों का डाटाबेस व मुखबिर तंत्र का इस्तेमाल किया गया। साइबर सैल के सिपाही अजीतसिंह को वारदात में संगठित गिरोह के सक्रिय होने और गिरोह के दूदू के जंगल में छिपे होने की सूचना मिली। पुलिस ने आरोपियों को 18 अप्रैल को दबोच कर पड़ताल की तो आरोपियों ने वारदात कबूल कर ली।

ये भी पढ़ें

Rajasthan News : चप्पल में छिपाकर लाया मोबाइल, ओएमआर शीट भी बरामद, कृषि पर्यवेक्षक परीक्षा में नकलची दबोचा
Published on:
20 Apr 2026 10:32 pm
Also Read
View All