अजमेर

Rajasthan Crime: सेवानिवृत्त शिक्षक दंपती का अंतिम संस्कार, सीन रिक्रिएशन के दौरान एकत्र हुई भीड़

Beawar Double Murder: सेवानिवृत्त शिक्षक दंपती विनोद कुमार शर्मा और पूर्णिमा शर्मा का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया। एक साथ निकली शवयात्रा में क्षेत्रवासियों की आंखें नम हो गईं। 
2 min read
Apr 01, 2026
byawar_murder
ब्यावर. मौका तस्दीक के दौरान एकत्र हुए लोग।

Beawar Double Murder: राजस्थान के ब्यावर शहर के सेंदड़ा रोड स्थित सोहननगर में रविवार शाम हुए सनसनीखेज डबल मर्डर मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। मंगलवार को सेवानिवृत्त शिक्षक दंपती विनोद कुमार शर्मा और पूर्णिमा शर्मा का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया।

एक साथ निकली शवयात्रा में क्षेत्रवासियों की आंखें नम हो गईं। मामले में शामिल दो विधि-विरुद्ध संघर्षरत नाबालिगों को पुलिस ने घटनास्थल पर ले जाकर मौका तस्दीक (सीन रिक्रिएशन) करवाया। इसके बाद दोनों को बाल सुधार गृह भेज दिया गया। वहीं नौकरानी सहित मुख्य आरोपी राहुल परिहार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर सौंपा गया है।

दोनों नाबालिगों का मेडिकल मुआयना करवाया

पुलिस ने सबसे पहले दोनों नाबालिगों का मेडिकल मुआयना करवाया, इसके बाद उन्हें उनके घर ले जाकर वारदात में प्रयुक्त हथियारों और अन्य साक्ष्यों की तलाश की गई। दोपहर बाद कड़ी सुरक्षा के बीच पुलिस टीम उन्हें सोहननगर स्थित घटनास्थल पर लेकर पहुंची, जहां पूरे घटनाक्रम की बारीकी से तस्दीक की गई। इस दौरान सीओ सिटी राजेश कसाना, प्रशिक्षु आरपीएस जयपाल सिंह, साकेतनगर थानाधिकारी गणपत राम सहित पुलिस टीम मौजूद रही।

मुख्य आरोपी व नौकरानी तीन दिन के रिमांड पर

पुलिस ने मुख्य आरोपी राहुल परिहार व नौकरानी को न्यायालय पेश किया। न्यायालय ने आरोपियों को तीन दिन के लिए पुलिस रिमांड पर सौंप दिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। इनसे बुधवार को मौका तस्दीक करवाया जाएगा। हत्या में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी सहित अन्य कार्रवाई की जाएगी।

यह था मामला

साकेतनगर थाना क्षेत्र के सेंदड़ा रोड स्थित सोहननगर में रविवार रात सेवानिवृत्त शिक्षक दंपती अपने घर में मृत पाए गए थे, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। दंपती घर में अकेले रहते थे। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी नौकरानी सहित चार लोगों को हिरासत में लिया है, जिनमें दो नाबालिग शामिल हैं।

Updated on:
01 Apr 2026 12:00 pm
Published on:
01 Apr 2026 12:00 pm