अजमेर

बहू से विवाद के बाद भीलवाड़ा से पीहर के लिए निकली थी सास, अजमेर की आनासागर झील में शव मिलने से फैली सनसनी

आनासागर झील में बारादरी के पास मिले महिला के शव की पहचान हो गई। मृतका भीलवाड़ा निवासी 66 वर्षीय मोहिनी देवी पत्नी हीरालाल कोली है।
2 min read
• •
Updated: 13 Nov 2026, 9:21 AM IST
Mohini Devi
मृतका मोहिनी देवी। पत्रिका फाइल फोटो

अजमेर। आनासागर झील में बारादरी के पास मिले महिला के शव की पहचान हो गई। मृतका भीलवाड़ा निवासी 66 वर्षीय मोहिनी देवी पत्नी हीरालाल कोली है। वह बहू से विवाद के बाद नाराज होकर भीलवाड़ा से अजमेर पीहर के लिए निकली थी लेकिन देर शाम तक वहां भी नहीं पहुंची। परिजन उसकी तलाश में जुटे रहे और भीलवाड़ा जीआरपी थाने में गुमशुदगी भी दर्ज करवाई थी। गुरुवार को पति, पुत्र और पीहर पक्ष के लोगों ने जेएलएन अस्पताल की मोर्चरी पहुंचकर शव की पहचान की। कृष्णगंज थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजन को सौंप दिया।

पुलिस के अनुसार भीलवाड़ा के सांगानेर कॉलोनी निवासी कमल ने बताया कि 10 नवम्बर की सुबह उसकी मां मोहिनी का घर में बहू से भाई दूज पर अपने पीहर जाने को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद वह नाराज होकर चली गई। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजन ने तलाश शुरू की। वह परिवार के एक सदस्य को रेलवे स्टेशन पर मिली। उसने उसे अजमेर जाने वाली ट्रेन में बैठा दिया।

भाईदूज पर पीहर आने को लेकर हुआ था विवाद

पत्रिका पड़ताल में सामने आया कि मोहिनी देवी अजमेर में गुलाबबाड़ी निवासी अपने भाई गणेशराम के यहां भाईदूज पर आना चाहती थी। सी बात को लेकर उसका बहू से भी विवाद हुआ था। परिजन ने उन्हें मोहिनी देवी के अजमेर के लिए निकलने की सूचना दी थी, लेकिन 10 नवम्बर शाम तक नहीं पहुंची तो उसकी तलाश शुरू की। भीलवाड़ा में जीआरपी थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाई गई।

झील तक कैसे पहुंची, जांच में जुटी पुलिस

इधर 11 नवम्बर दोपहर आनासागर झील में बारादरी किनारे पानी में मिले महिला के शव की पहचान के लिए सदर कोतवाली व कृष्णगंज थाना पुलिस प्रयास में जुटी थी। गुरुवार सुबह परिजन ने जेएलएन अस्पताल की मोर्चरी पहुंचकर मोहिनी देवी की पहचान की। पहचान के बाद पुलिस ने संदिग्ध हालात में मृत्यु का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजन के सुपुर्द कर दिया। हालांकि, पुलिस मोहिनी देवी के ट्रेन से अजमेर पहुंचने के बाद आनासागर झील बारादरी पहुंचने सहित अन्य कारणों की जांच में जुटी हुई है।

Updated on:
13 Nov 2026, 9:21 AM IST
Published on: