Ajmer PM Modi Rally: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कायड़ विश्रामस्थली में प्रस्तावित सभा के लिए पुलिस प्रशासन ने बसों के लिए हाईटेक पार्किंग प्लान बनाया है।
QR Code Parking System: अजमेर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कायड़ विश्रामस्थली में प्रस्तावित सभा के लिए पुलिस प्रशासन ने बसों के लिए हाईटेक पार्किंग प्लान बनाया है। पहली बार जिलेवार क्यूआर कोड सिस्टम से बसों और अन्य वाहनों की पार्किंग सुनिश्चित की जाएगी।
सभा में आने वाली करीब 4 हजार बसों को पहले से जिलेवार ‘क्यूआर’ कोड दिए जाएंगे। जिससे उन्हें निर्धारित स्थान पर ही खड़ा करना होगा। इसके अलावा 3 हजार छोटे चौपहिया, दुपहिया वाहनों की पार्किंग व्यवस्था भी बड़े स्तर पर की जा रही है।
पुलिस महानिरीक्षक अजमेर रेंज राजेन्द्रसिंह व पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा ने वाहन पार्किंग व्यवस्था की जिम्मेदारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) हिमांंशु जांगिड़ को सौंपी है। जांगिड़ के साथ प्रशिक्षु आइपीएस अजयसिंह भी है। सभास्थल के पास वीवीआईपी, वीआईपी व आमजन की पार्किंग को अलग-अलग सेक्टर में विभाजित किया गया है।
पार्किंग स्टैण्ड के लिए 10 से ज्यादा सेक्टर बनाए जा रहे हैं, ताकि सभा स्थल तक यातायात सुगम रहे और भीड़ प्रबंधन में किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। कायड़ विश्राम स्थली पर प्रत्येक सेक्टर को जीपीएस मेपिंग के साथ वाहनों की एंट्री का क्यूआर कोड दिया जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने बसों के लिए जिलेवार क्यूआर कोड तैयार किए हैं। विभिन्न जिलों से आने वाली बसों को कोड के मुताबिक ही निर्धारित पार्किंग पर पहुंचना होगा। इससे भीड़ नियंत्रण में मदद के साथ ही वाहनों की ट्रैकिंग में भी सुविधा होगी।
जानकारी अनुसार प्रत्येक पार्किंग स्थल पर सुरक्षा प्रबंधन के लिए निरीक्षक, दो सहायक उप निरीक्षक, पुलिस व होमगार्ड के जवान तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा यातायात पुलिस व भाजपा के जिलेवार कार्यकर्ताओं की मदद ली जाएगी।
जयपुर रोड से लगती सहारा लौंड पर पार्किंग विकसित की जा रही है। जहां जयपुर की तरफ से आने वाले करीब 8 जिलों के वाहन खड़े होंगे। दूसरी बड़ी पार्किंग कायड़ विश्राम स्थली में क्रिकेट मैदान से लगते हुए तैयार की गई है। जहां नागौर रूट की बसें रहेंगी। कायड़ रोड, हेलीपेड के पीछे, परिवहन कार्यालय के पास बड़े स्तर पर पार्किंग स्थल विकसित किया जा रहा है। जहां अजमेर और ब्यावर मार्ग के वाहनों को खड़ा किया जाएगा।
सभा में आने वाले वाहन आवंटित सेक्टर में ही पार्क होंगे। ‘क्यूआर’ आधारित पार्किंग से भीड़ नियंत्रण व यातायात प्रबंधन में मदद मिलेगी। व्यवस्था से न केवल जाम की स्थिति से बचा जा सकेगा, बल्कि सभास्थल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था भी रहेगी।
-हिमांशु जांगिड़, एएसपी (शहर), अजमेर