अजमेर

अजमेर: हॉर्न बजते ही बिदका ऊंट, पलटी कैमल सफारी; गिरने से महिला के सिर और हाथ-पैर में चोट, चश्मा टूटा

पुष्कर के रेतीले धोरों में तेज रफ्तार वाहन का हॉर्न सुनकर ऊंट बिदक गया। इससे ऊंट सफारी पलट गई और महाराष्ट्र से आए पर्यटक घायल हो गए। महिला के सिर में चोट लगी, कई लोगों के चश्मे टूट गए।
3 min read
• •
Updated: 14 Nov 2026, 4:36 PM IST
pushkar camel safari
घायल महिला शाली और पुष्कर मेला मैदान में बिदकने के बाद सड़क पर छकड़ा गाड़ी सहित गिरा ऊंट (पत्रिका फोटो)

Ajmer Pushkar Camel Safari: अजमेर: पुष्कर के रेतीले धोरों में कैमल सफारी के दौरान शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। तेज रफ्तार वाहन के अचानक हॉर्न बजाने से ऊंट बिदक गया। इससे संतुलन बिगड़ने पर ऊंट सफारी पलट गई और उसमें सवार महाराष्ट्र के पर्यटक जमीन पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को उपचार के लिए पुष्कर के सामुदायिक अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र के नागपुर से पर्यटक परिवार पुष्कर घूमने आया था। परिवार के सदस्यों ने सावित्री मंदिर रोड से रेतीले धोरों में घूमने के लिए ऊंट सफारी बुक की थी। पर्यटक सफारी का आनंद ले रहे थे। इसी दौरान अस्थायी हेलीपैड के समीप एक तेज रफ्तार वाहन वहां से गुजरा। वाहन चालक ने अचानक तेज हॉर्न बजा दिया। हॉर्न की तेज आवाज से ऊंट घबरा गया और बिदकने लगा। ऊंट के अचानक बेकाबू होने से सफारी का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई।

महिला के सिर में चोट, पर्यटकों के चश्मे टूटे

ऊंट सफारी पलटने से उसमें सवार पर्यटक सीधे जमीन पर जा गिरे। हादसे में एक महिला के सिर में चोट आई, जबकि हाथ-पैरों में भी चोटें पहुंचीं। गिरने के दौरान कई पर्यटकों के चश्मे तक टूट गए। अचानक हुए हादसे से परिवार के लोग घबरा गए। आसपास मौजूद लोगों और ऊंट सफारी संचालकों ने पर्यटकों को संभाला। इसके बाद घायलों को उपचार के लिए पुष्कर के सामुदायिक अस्पताल पहुंचाया गया।

घायल महिला शाली

मई में भी पलटी थी पर्यटकों से भरी जीप

पुष्कर के रेतीले धोरों में सफारी के दौरान हादसे का यह पहला मामला नहीं है। इसी साल 28 मई को भी यहां पर्यटकों से भरी तेज रफ्तार जीप पलट गई थी। मुंबई के एक उद्यमी अपने परिवार के 18 सदस्यों के साथ पुष्कर घूमने आए थे। परिवार के लोग रेतीले धोरों में डेजर्ट सफारी के लिए जीप में सवार थे। इसी दौरान तेज रफ्तार जीप अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई।

हादसे में परिवार के सदस्यों के सिर, हाथ और पैरों में चोटें आई थीं। घायलों को उपचार के लिए अजमेर के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस घटना के बाद भी डेजर्ट सफारी के दौरान पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठे थे।

पुष्कर मेला मैदान में बिदकने के बाद सड़क पर छकड़ा गाड़ी सहित गिरा ऊंट

तेज हॉर्न से बिदक रहे ऊंट, सुरक्षा इंतजामों पर सवाल

सावित्री पहाड़ी मार्ग और रेतीले धोरों के आसपास कार, जीप और अन्य वाहन तेज रफ्तार से गुजरते हैं। इनके तेज हॉर्न से सफारी में इस्तेमाल होने वाले ऊंट बिदक जाते हैं। ऐसे में पर्यटकों की जान जोखिम में पड़ रही है। स्थानीय स्तर पर वाहनों की आवाजाही और सफारी के रास्तों के बीच उचित व्यवस्था की जरूरत महसूस की जा रही है।

इसके बावजूद सावित्री पहाड़ी मार्ग और सफारी क्षेत्र में वाहनों की तेज रफ्तार पर नियंत्रण के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नजर नहीं आते। प्रशासन और पुलिस की ओर से प्रभावी बैरिकेडिंग तथा यातायात नियंत्रण की व्यवस्था नहीं होने से हादसों की आशंका बनी रहती है। लगातार सामने आ रही दुर्घटनाओं के बावजूद पर्यटकों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाना जरूरी है।

Updated on:
14 Nov 2026, 4:36 PM IST
Published on: