
अजमेर. शहर में दिनदहाड़े ठगी की वारदात अंजाम देने वाला गिरोह सक्रिय है। शुक्रवार दोपहर जीसीए चौराहा के निकट दो युवक व एक महिला ने बाजार आई दो महिलाओं को नशीला पदार्थ खिलाकर दोनों के सोने के कान के टॉप्स-मंगलसूत्र खुलवाकर ले गए। पीडि़ता को जब ठगी का आभास हुआ तो केसरगंज पुलिस चौकी पहुंची। वारदात के बाद सक्रिय हुई क्लॉक टावर थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गिरोह की तलाश शुरू कर दी।
थानाप्रभारी सूर्यभानसिंह ने बताया कि पहाडग़ंज शिव कॉलोनी निवासी सीमादेवी शुक्रवार को भाभी कमला के साथ केसरगंज सब्जी मंडी में खरीदारी करने आई। सब्जी मंडी में उन्हें दो युवक व एक महिला मिली। दोनों युवक ने उनको बातों के जाल में फांस लिया। इस दौरान महिला ने सीमा व कमला को कुछ खाने को दिया। खाने के बाद उन्हें होश नहीं रहा। वह उन्हें जीसीए चौराहा की तरफ ले आया। जहां दोनों युवकों ने उनके कान के टॉप्स खोलना शुरू कर दिए। उन्होंने रोका मगर आरोपी युवकों ने पलक झपकते ही दोनों के कान के टॉप्स और मंगलसूत्र उतार लिए। उन्हें जब होश आया तब तक दोनों युवक व महिला जा चुके थे। पीडि़ता ने केसरगंज पुलिस चौकी पहुंचकर शिकायत दी। पुलिस ने ठगी का मामला दर्जकर अनुसंधान शुरू कर दिया।
सीसीटीवी फुटेज में आए नजर
शिकायत मिलने पर पुलिस ने जीसीए चौराहा के पास के प्रतिष्ठानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें दोनों युवक व महिला नजर आ गई। उनके साथ पीडि़ता भी थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों युवक व महिला की तलाश शुरू कर दी है।
गिरोह सक्रिय है Thug gang
पुलिस के अनुसार जिले में ठग गिरोह सक्रिय है। गिरोह बीते पांच दिन में करीब आधा दर्जन वारदात अंजाम दे चुका है। शुक्रवार को किशनगढ़ में महिला को नोटों की गड्डी दिखाकर ज्वैलरी उतार ले गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज में नजर आए युवकों व महिला की तलाश शुरू कर दी।