
Ajmer Crime : अजमेर. मदद के बहाने सीआरपीएफ के जवान को जनाना अस्पताल बुलाकर कार में बैठाने, उसके साथ मारपीट करने और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। पीड़ित जवान का आरोप है कि कार में सवार तीन-चार लोगों ने उसे करीब दो घंटे तक शहर में घुमाया और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसके बैंक खाते से अलग-अलग खातों में करीब 89 हजार रुपए ट्रांसफर करवा लिए। मामले में कृष्णगंज थाना पुलिस अजमेर ने प्रकरण दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार पीड़ित ने बताया कि 25 सितम्बर की रात करीब 10 बजे वह घर पर था। इसी दौरान मोबाइल पर एक एप्लीकेशन के जरिए मैसेज आया, इसमें मदद की जरूरत बताते हुए उसको जनाना अस्पताल बुलाया गया। पीड़ित के अनुसार अस्पताल पहुंचने पर उसे एक सफेद रंग की कार में सवार युवक मिला। युवक ने मरीज होने की बात कहकर उसे कार में बैठा लिया।
पीड़ित का आरोप है कि उसके कार में बैठते ही तीन अन्य युवक भी सवार हो गए। इसके बाद युवकों ने उसके साथ मारपीट की और उसके कपड़े उतरवाकर वीडियो बना लिया। आरोपियों ने युवक के साथ गलत काम करने का आरोप लगाकर उसको धमकाया। आरोपियों ने सीआरपीएफ की एप्लीकेशन से संबंधित वीडियो भी लिया और परिवार के फोन नम्बर हासिल कर लिए।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उसे धमकी दी कि यदि उसने पुलिस या किसी अन्य व्यक्ति को घटना के बारे में बताया तो वीडियो वायरल कर देंगे। आरोप है कि इसके बाद उसे करीब दो घंटे तक कार में घुमाया गया और धमकाकर उसके खाते से अलग-अलग खातों में करीब 89 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए गए।
पीड़ित के अनुसार, जिस सफेद रंग की कार में उसे ले जाया गया, उसके नंबर के अंतिम अंक 8888 थे। करीब 2 घंटे बाद आरोपी उसको वापस उसकी बाइक के पास छोड़ गए। जाते समय आरोपियों ने उसके मोबाइल से सिम निकाल ली और फोन उसको वापस दे दिया। घर पहुंचकर पीड़ित ने परिजनों को घटना की जानकारी दी व अगले दिन थाने पहुंचकर रिपोर्ट दी। कृष्णगंज थाना पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्जकर अनुसंधान शुरू कर दिया।
पीड़ित की शिकायत पर प्रकरण दर्ज किया गया है। प्रकरण में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध वाहन व आरोपियों की तलाश की जा रही है।
अरविन्द सिंह चारण, थानाप्रभारी कृष्णगंज