
Ajmer Old Woman Suspicious Death Case: अजमेर के पीसांगन थाना क्षेत्र के बुखतापुरा गांव में 70 साल की गांधी देवी पत्नी नारायण गुर्जर (70) का शव घर के खुले आंगन में चारपाई पर मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही आस-पास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। सूचना मिलने पर पीसांगन थानाधिकारी पारुल यादव मय पुलिस जाब्ता घटनास्थल पर पहुंचीं। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने अजमेर से एफएसएल और फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर फिंगरप्रिंट, फोटोग्राफी और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्रित किए।
जानकारी मिलने पर ग्रामीण एएसपी लालचंद कायल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा सभी संभावित पहलुओं से जांच के निर्देश दिए। पुलिस की प्रारंभिक जांच में घर के मुख्य दरवाजे के ताले सुरक्षित पाए गए और घर का सामान भी पूरी तरह व्यवस्थित मिला। गांधी देवी के शरीर पर संघर्ष या मारपीट के स्पष्ट निशान नहीं मिले, हालांकि चेहरे पर कुछ चोट और खरोंच के निशान पाए गए हैं। पुलिस इन निशानों के आधार पर जानवर के हमले की संभावना से भी इनकार नहीं कर रही है। ग्रामीणों के अनुसार महिला रात में घर के आंगन में अकेली सो रही थी। सुबह परिजन जागे तो वह मृत अवस्था में चारपाई पर मिली।
ग्रामीण एएसपी कायल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में लूट या हत्या का कोई स्पष्ट एंगल सामने नहीं आया है। महिला के गहने भी सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम और विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। एफएसएल टीम ने मौके से सभी आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस प्रत्येक पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस ने शव को अजमेर के जेएलएन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया, जहां छह सदस्यीय मेडिकल बोर्ड में शामिल डॉ. सुमेर सिंह, डॉ. पूर्णिमा सागर, डॉ. कुलदीप टीपलीवाल, डॉ. अनिल सैनी, डॉ. विमलेश, डॉ. पूनम ने पोस्टमार्टम किया।
पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट में माना जा रहा है कि वृद्धा के चेहरे पर पत्थर या अन्य वस्तु से हमला किया गया है। बाबुलाल गुर्जर ने बताया कि पोस्टमार्टम के दौरान मोर्चरी के बाहर परिजन व ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अजमेर के पीसांगन ब्लॉक के ग्राम बकतावपुरा में बुजुर्ग महिला की संदिग्ध हालात में हुई मौत को लेकर परिजन जवाहरलाल नेहरू अस्पताल की मोर्चरी पर धरना देकर बैठ गए। परिजनों ने हत्या की आशंका के चलते निष्पक्ष जांच की मांग की। महिला गांधी देवी (70) की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद परिजन धरने पर बैठ गए। आसुराम डुकिया एवं बाबूलाल गुर्जर की अगुवाई में परिजनों ने मामले की गहन एवं निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की। बातचीत के बाद पुलिस अधिकारियों एवं परिजनों के बीच सहमति बनी। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। डिप्टी एसपी शमशेर खान ने मामले की निष्पक्ष जांच करने का आश्वासन दिया।