Gas Cylinder Truck Accident: एनएच-48 स्थित पुराने टोल नाके के पास शनिवार को घरेलू गैस सिलेंडरों से भरे एक मिनी ट्रक का टायर फटने के बाद पलटने से हाइवे पर अफरा-तफरी मच गई।
किशनगढ़ (अजमेर)। एनएच-48 स्थित पुराने टोल नाके के पास शनिवार को घरेलू गैस सिलेंडरों से भरे एक मिनी ट्रक का टायर फटने के बाद पलटने से हाइवे पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद करीब 145 घरेलू गैस सिलेंडर सड़क पर बिखर गए, इससे हाइवे पर यातायात बाधित हो गया और दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना पर मदनगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अन्य वाहन चालकों की मदद से सिलेंडरों को हटाकर करीब आधे घंटे बाद यातायात सुचारू कराया गया।
चालक सुरेंद्र सिंह मिनी ट्रक में करीब 145 घरेलू गैस सिलेंडर भरकर निकटवर्ती ग्राम बरना से चमड़ाघर लुहार कॉलोनी की ओर जा रहा था। सुबह करीब 9:45 बजे जैसे ही मिनी ट्रक एनएच-48 पर पुराने टोल नाके के पास पहुंचा, तभी अचानक पीछे का टायर फट गया।
टायर फटने से चालक का संतुलन बिगड़ गया और गैस सिलेंडरों से भरा मिनी ट्रक अनियंत्रित होकर हाइवे पर पलट गया। मिनी ट्रक के पलटते ही उसमें लदे गैस सिलेंडर सड़क पर बिखर गए। करीब आधा किलोमीटर तक सिलेंडर सड़क पर फैल गए, इससे गुजर रहे वाहन चालकों में कुछ देर के लिए दहशत फैल गई। हादसे के कारण हाइवे पर यातायात रुक गया और दोनों तरफ वाहनों की कतारें लग गईं।
हादसे के बाद मौके से गुजर रहे वाहन चालकों ने तुरंत अपने वाहन रोककर राहत कार्य शुरू किया। कई लोगों ने सड़क पर बिखरे सिलेंडरों को एकत्र कर सड़क किनारे रखना शुरू किया, वहीं कुछ लोगों ने पलटे हुए मिनी ट्रक की केबिन में फंसे चालक को बाहर निकाला। गनीमत रही कि चालक को कोई गंभीर चोट नहीं आई और बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही मदनगंज थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से हाइवे पर बिखरे सिलेंडरों को एकत्र कर सड़क के किनारे रखवाया गया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद हाइवे से सिलेंडर हटाए जा सके और यातायात को दोबारा सुचारू कराया गया।