
फाइल फोटो पत्रिका
LPG Crisis : बांसवाड़ा शहर में एलपीजी गैस संकट के बीच जिला प्रशासन ने अवैध रूप से घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडरों का भंडारण करने वालों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। जिला कलक्टर इंद्रजीत यादव के निर्देश पर रसद विभाग की टीम ने शुक्रवार को खांदू कॉलोनी में दबिश देकर 6 गैस सिलेंडर जब्त किए।
प्रवर्तन अधिकारी लाल शंकर डामोर ने बताया कि सूचना मिली थी कि खांदू कॉलोनी स्थित लाभचंद और सोहनलाल के निजी आवास पर गोपनीय तरीके से सिलेंडर बेचे जा रहे हैं। टीम ने छापा मारा तो वहां भगदड़ मच गई। कार्रवाई के दौरान भी कई लोग सिलेंडर खरीदने पहुंचे, जिससे पता चला कि यहां बड़े पैमाने पर अवैध कारोबार चल रहा था। इस दौरान 4 बड़े और 2 छोटे सिलेंडर जब्त किए गए।
डीएसओ ओमप्रकाश जोतेड़ ने बताया कि खांदू कॉलोनी में अवैध भंडारण और रिफिलिंग की सूचना मिली थी। यहां उपभोक्ताओं को सीधे सिलेंडर दिए जा रहे थे। इसलिए यहां कार्रवाई की गई।
जिला कलक्टर इंद्रजीत यादव ने गैस की कालाबाजारी करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि जो लोग आपदा का फायदा उठाकर अवैध भंडारण या रिफिलिंग करेंगे, उनके खिलाफ 6-ए के तहत सख्त प्रकरण दर्ज किए जाएंगे। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है।
Updated on:
14 Mar 2026 02:57 pm
Published on:
14 Mar 2026 02:57 pm
