13 मार्च 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan LPG Crisis : जयपुर में ब्लैक में बिक रहा है गैस सिलेंडर, सिस्टम नाकाम, सच जानना है तो पढ़ें ग्राउंड रिपोर्ट

Rajasthan LPG Crisis : जयपुर में गैस सिलेंडर, कृत्रिम किल्लत और नई ओटीपी आधारित डिजिटल प्रणाली आम आदमी की रसोई का दम घोंट रही है। पत्रिका के रिपोर्टरों ने खोजबीन की तो एक नई हकीकत सामने आई है। सच जानना है तो पढ़ें ग्राउंड रिपोर्ट।

5 min read
Google source verification
Rajasthan LPG Crisis Jaipur Gas cylinders sold in black System Failure If you want to know truth read ground report

भांकरोटा : महला के कंधों पर सिलेंडर। फोटो पत्रिका

Rajasthan LPG Crisis : राजधानी जयपुर में गैस सिलेंडर और कृत्रिम किल्लत और नई ओटीपी आधारित डिजिटल प्रणाली आम आदमी की रसोई का दम घोंट रही है। पत्रिका के 12 रिपोर्टरों की गुरुवार को शहर के 35 से अधिक इलाकों की 50 गैस एजेंसियों पर की गई पड़ताल में सिस्टम की भारी नाकामी और दलालों के गठजोड़ का पर्दाफाश हुआ है।

शहर में एक ओर लंबी वेटिंग और सर्वर डाउन जैसे डिजिटल टॉर्चर के कारण बुजुर्ग और महिलाएं दूर तक पैदल चलकर भी खाली हाथ लौट रहे हैं, वहीं दूसरी ओर ब्लैक मार्केटिंग का खुला खेल जारी है। हालात यह है कि एजेंसियों पर पर्ची के बजाय दलालों के नंबर बांटे जा रहे हैं, कागजों में बिना गैस दिए 'डिलीवर्ड' के फर्जी मैसेज आ रहे हैं। 1500 रुपए का व्यावसायिक सिलेंडर ब्लैक में 5000 रुपए तक बिक रहा है।

इस संकट का असर इतना भयावह है कि 3 महीने के मासूमों का दूध गर्म करने से लेकर सरकारी स्कूलों का मिड-डे मील तक अब दोबारा लकड़ियों पर पकने लगा है। होटलों में छिपकर घरेलू गैस का अवैध इस्तेमाल हो रहा है। कैफे और टिफिन सेंटर बंद होने के कगार पर हैं। छात्रों की जेब कट रही है और मजबूरन ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स पर लोग इंडक्शन चूल्हे खरीदने टूट पड़े हैं, जिससे वे भी 'आउट ऑफ स्टॉक' हो गए हैं।

जयपुर पूर्व : ओटीपी नहीं तो गैस नहीं, बुजुर्ग-निरक्षर बेहाल

मालवीय नगर, जगतपुरा, जवाहर नगर में सन्नी, एचपी, राजा एचपी और आनंद गैस जैसी 10 एजेंसियों पर मिस्ड कॉल या फोन से बुकिंग बंद कर दी गई है। मालवीय नगर के शिवकुमार अग्रिम भुगतान के 3 दिन बाद भी सर्वर डाउन होने से ओटीपी का इंतजार कर रहे हैं। सबसे बुरी मार बुजुर्गों और निरक्षरों पर है।

सन्नी गैस एजेंसी पर एक बुजुर्ग महिला के पास पैड फोन था, जिस वजह से उसे खाली हाथ लौटना पड़ा। जवाहर नगर की पूरण गैस एजेंसी पर महिला 3 दिन से 10 किमी का सफर तय कर चक्कर काट रही है, लेकिन ओटीपी न होने से उसे गैस नहीं मिली।

जयपुर सेंट्रल : दुकानों व टिफिन सेंटरों में काम ले रहे घरेलू सिलेंडर

नमकीन वाली गली स्थित श्रीराम कल्याण जी कचौरी पर घरेलू सिलेंडर का उपयोग होता मिला। लालजी सांड के रास्ते पर सौध्या हलवाई ने पहले ही 4-5 सिलेंडर स्टॉक कर लिए हैं। कई चाय की दुकानें गैस की कमी से बंद हो चुकी हैं। गणगौरी बाजार स्थित कविता गैस एजेंसी पर पुरानी फोन बुकिंग बंद है। अब दीवार पर लिखे नंबर व्हाट्सऐप पर भेजकर डीएसी नंबर और पर्ची लेनी पड़ती है। चौगान के पास खड़े एचपी और इंडेन के ट्रकों से 25 से 30 दिन पुरानी बुकिंग वालों को ही सिलेंडर मिल रहा है।

हवामहल के पास 'अन्नपूर्णा रसोई के मैनेजर ने पहले 1750 रुपए में ब्लैक में सिलेंडर स्टॉक किए थे जो अब 1800 रुपए से अधिक में मिल रहे हैं। कैलाश टावर की गली में राज्जोस टिफिन सेंटर संचालिका ने 3000 में व्यावसायिक और 2000 रुपए में घरेलू सिलेंडर ब्लैक में खरीदा।

रेस्टोरेंट और ढाबों पर आई ताले लगने की नौबत

एलपीजी गैस 3 दिन से खत्म है और कैफे 2 दिन से बंद है। महेश नगर में कैफे संचालक हिमांशु यादव ने बताया कि दलाल एक सिलेंडर के लिए 4000 से 5000 तक मांग रहे हैं। जोगेटो, स्विगी ने डिलीवरी बंद कर दी है। 70 किमी दूर अपने गांव से 800 रुपए अतिरिक्त देकर सिलेंडर मंगाने को मजबूर हैं।

मालवीय नगर पीजी में रहने वाली नर्सिंग कर्मी सिमरन ने बताया कि कॉमन किचन में 2 दिन से गैस नहीं है। इल्मा के मुताबिक गैस संकट का फायदा उठाकर भोजनालयों ने थाली के दाम 30 से 50 रुपए तक बढ़ा दिए हैं, जिससे छात्रों को घर से ज्यादा पैसे मंगाने पड़ रहे हैं।

जयपुर दक्षिण : सिस्टम हैंग, दलालों की चांदी

मानसरोवर, सांगानेर में कई ग्राहकों के मोबाइल पर गैस डिलीवर्ड का मैसेज आ गया, लेकिन सिलेंडर नहीं पहुंचा। पटेल मार्ग स्थित रस्तोगी एचपी गैस एजेंसी पर संवाददाता पीजी छात्र बनकर पहुंचा। वहां मकान मालिक ने खाना न देने की मजबूरी बताई, लेकिन जिया नाम की कर्मचारी ने प्रकाश नामक एजेंट का नंबर थमा दिया और कहा, "इनसे बात कर लो, ब्लैक में सिलेंडर मिल जाएगा।"

अग्रवाल फार्म में नारायण भारत गैस के एजेंट गोविंद ने 5 किलो के सिलेंडर के 2000 रुपए मांगे। नए कनेक्शन के लिए 4500 रुपए और सामान्य घरेलू सिलेंडर के लिए 4000 रुपए अतिरिक्त की मांग की गई।

जयपुर उत्तर : एजेंसी से मिन्नतें कर रहे लोग

नींदड़ मोड़ और विद्याधर नगर क्षेत्र में नए कनेक्शन के लिए 4500 से 7800 रुपए तक मांगे जाने की बात सामने आई। एक परिवार दिव्यांग बच्ची के साथ कनेक्शन लेने पहुंचा, लेकिन उन्हें भी लंबा इंतजार करना पड़ा। विद्याधर नगर और वीकेआइ में महादेव गैस एजेंसी पर रमेश 8 तारीख से बुकिंग रद्द होने के कारण परेशान हैं।

घाटी हरिजन बस्ती में 3 महीने की बच्ची के लिए घर में दूध गर्म करने तक की गैस नहीं बची है। मां सिलेंडर के लिए गैस एजेंसी के कर्मचारियों से मिन्नतें कर रही थीं। अग्रवाल फार्म की गोलू का परिवार 5 दिन से गैस के बिना है। बाहर का खाना खाने से उनकी भांजी को संक्रमण का खतरा पैदा हो गया है।

जयपुर पश्चिम : अवैध वसूल, अवैध माफिया का राज

वैशाली नगर स्थित भारत गुलाब गैस एजेंसी पर 7 दिन की वेटिंग और अनिवार्य ऑनलाइन बुकिंग ही है। लेकिन गोदाम पर 400 रुपए अतिरिक्त देकर सिलेंडर मिल रहा है। पत्रिका रिपोर्टर से एक एजेंट ने व्हाट्सऐप पर ब्लैक का सौदा किया, लेकिन सबूत मिटाने के लिए मैसेज डिलीट कर दिए। वैशाली नगर स्थित गैस एजेंसी पर 7 दिन की वेटिंग और ऑनलाइन भुगतान की जिद से गरीब और बुजुर्ग परेशान हैं। गोदाम पर 400 रुपए अतिरिक्त देने पर सिलेंडर मिल रहे हैं।

भांकरोटा में भारत गैस एजेंसी पर पुरानी डायरी पर गैस नहीं मिल रही, लेकिन 9000 रुपए देकर नया कनेक्शन लेने पर अगले ही दिन 2 सिलेंडर दिए जा रहे हैं। इंडेन गैस सेक्टर-4 गोदाम पर ताला लटका मिला। गिरनगर इंडेन और दुर्ग एंटरप्राइजेज एजेंसियों पर उपभोक्ता दर-दर भटक रहे हैं। जबकि गैस माफिया खुलेआम ऊंचे दामों पर सिलेंडर बेच रहे हैं। जयपुर के सरकारी स्कूलों में सप्लाई होने वाला खाना अब लकड़ियों पर बन रहा है। टिफिन सेंटर 250 लोगों का खाना लकड़ियों पर बना रहे हैं।

पत्रिका टीम : विकास सिंह साथ में चार्वी, नम्रता, प्रियंका नवाज, थलज, मधुर, निखिल, अंकित, रावेन्द्र, पूजा, प्रतीक्षा, हर्षिता।