
Youth Injured In Firing: ब्यावर के जवाजा थाना क्षेत्र के कोटड़ा गांव में एक युवक पर अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग कर दी। गोली युवक के पेट में लगने के बाद रीढ़ की हड्डी में जा फंसी। गंभीर हालत में घायल को उपचार के लिए ब्यावर के राजकीय अमृतकौर अस्पताल लाया गया। जहां से उसे अजमेर के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार कोटड़ा निवासी जयसिंह (22) मजदूरी का कार्य करता है। मंगलवार रात करीब 9 बजे खाना खाने के बाद वह गांव की मुख्य सड़क स्थित किराने की दुकान पर सामान लेने जा रहा था। इसी दौरान बाइक पर आए अज्ञात युवकों ने उस पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही जयसिंह चीखते हुए सड़क पर गिर पड़ा।
ग्रामीणों के अनुसार हमलावरों ने इससे पहले गांव में एक युवक विक्रम को निशाना बनाकर चार फायर किए थे। विक्रम विद्युत खंभे की ओट में छिपकर बच गया लेकिन वहां से गुजर रहे जयसिंह को गोली लग गई। वारदात के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर बाइक पर मौके से फरार हो गए। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल जयसिंह को राजकीय अमृतकौर अस्पताल पहुंचाया।
मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस उपअधीक्षक राजेश कसाना अस्पताल पहुंचे। घायल जयसिंह व विक्रम से जानकारी ली। घायल जयसिंह को प्राथमिक उपचार के बाद अजमेर रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर जवाजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार अभी तक फायरिंग के कारणों का पता नहीं चला है। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ जांच में जुटी है। वारदात के बाद कोटड़ा गांव सहित आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों ने बताया कि कोटड़ा में पिछले कुछ माह से तनाव चल रहा है। इसे लेकर थाने में कई बार शिकायतें पहुंचीं। पुलिस ने इस पर प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय हल्के में लिया। इस कारण आपस में गिरोह में तनाव बढ़ गया। जबकि कोटड़ा में पहले भी मारपीट के मामले सामने आ चुके हैं। मगरा क्षेत्र में गैंग बनाने का चलन पिछले कुछ समय से बढ़ा है।
ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि दो बाइक पर छह युवक सवार थे। इन युवकों ने पहले विक्रम पर फायरिंग करने की जानकारी सामने आई। पुलिस उपअधीक्षक राजेश कसाना ने बताया कि जवाजा, साकेतनगर थाना एवं जिला स्पेशल टीम की अलग-अलग टीमों का गठन किया है।