अजमेर

Ajmer Student Death: चाय की दुकान पर पानी पीते-पीते 25 साल के युवक को आया हार्ट अटैक, मौके पर ही हुई मौत

Ajmer Student Death: रामगंज थाना क्षेत्र निवासी एक 25 वर्षीय छात्र की शनिवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। युवक अपने दोस्तों के साथ चाय की दुकान पर रुका था और पानी पीने के दौरान वह बेहोश हो गया।
2 min read
Mar 28, 2026
Ajmer Student Death
मृतक छात्र संदीप उर्फ संजू डीडवानिया (फाइल फोटो-पत्रिका)

अजमेर। जिले में शनिवार सुबह एक 25 वर्षीय छात्र की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। युवक अपने दोस्त को घर छोड़ने के लिए निकला था, लेकिन रास्ते में चाय की थड़ी पर रुकने के दौरान यह दर्दनाक घटना हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक को अचानक सीने में दर्द हुआ और वह पानी पीते समय बेहोश होकर गिर पड़ा।

रामगंज थाना पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान सुभाषनगर निवासी संदीप उर्फ संजू डीडवानिया (25) के रूप में हुई है। वह दयानंद महाविद्यालय में एमए द्वितीय वर्ष का छात्र था। परिजनों और दोस्तों के अनुसार शनिवार सुबह करीब 7 बजे संदीप अपने एक मित्र को उसके घर छोड़ने के लिए जनाना अस्पताल की ओर गया था। रास्ते में वह अपने साथियों के साथ एक चाय की थड़ी पर रुक गया।

अस्पताल के बाहर बैठे दोस्त और परिजन (फोटो-पत्रिका)

ऐसे हुआ हादसा

बताया जा रहा है कि चाय पीने के दौरान जब संदीप पानी पी रहा था, तभी अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे उल्टी हुई और कुछ ही क्षणों में वह जमीन पर गिर पड़ा। यह देखकर उसके दोस्त घबरा गए और तुरंत उसे उपचार के लिए जवाहर लाल नेहरू अस्पताल ले गए। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

हार्ट अटैक से मौत की आशंका

परिजनों का कहना है कि प्रथम दृष्टया युवक की मौत हार्ट अटैक के कारण होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।

पिता बस चालक

मृतक के चाचा मुकेश कुमार ने बताया कि संदीप पढ़ाई में काफी अच्छा था और दयानंद कॉलेज में एमए सेकंड ईयर का छात्र था। उसके पिता उदयराम पेशे से बस चालक हैं और फिलहाल काम के सिलसिले में बाहर गए हुए हैं। उनके वापस आने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की जाएगी।

पुलिस जांच में जुटी

रामगंज थाना पुलिस ने मामले में परिजनों की ओर से दी गई रिपोर्ट के आधार पर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है और परिवार के लोग इस अचानक हुई मौत से गहरे सदमे में हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Updated on:
28 Mar 2026 07:27 pm
Published on:
28 Mar 2026 07:26 pm