
Khatushyam Baba Controversial Statement By Mahant Kirit Bhai: गुरु पूर्णिमा पर्व को लेकर अजमेर आए कथावाचक किरीट भाई की ओर से खाटू श्याम बाबा पर की गई कथित टिप्पणी के बाद शुरू हुआ विवाद अब नए घटनाक्रम के साथ फिर चर्चा में है। विवाद के अगले दिन किरीट भाई का एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें वह खाटूश्यामजी पहुंचे जहां उन्होंने बाबा श्याम के दरबार में दर्शन कर क्षमा याचना की। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो श्री श्याम मंदिर कमेटी, खाटूश्यामजी के मंत्री मानवेन्द्र सिंह चौहान ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है। वीडियो के साथ उन्होंने लिखा कि अजमेर में दिए गए कथित आपत्तिजनक बयान के बाद किरीट भाई आज श्री श्याम बाबा के दरबार में पहुंचे जहां उन्होंने बाबा श्याम के दर्शन करके क्षमा मांगी।
दरअसल मंगलवार को जवाहर रंगमंच में आयोजित कथा के दौरान किरीट भाई की ओर से खाटूश्याम बाबा को लेकर की गई कथित टिप्पणी से श्याम भक्तों में भारी नाराजगी फैल गई थी। कथा के बाद जब किरीट भाई अपने निजी होटल पहुंचे तो बड़ी संख्या में श्याम भक्त भी वहां पहुंच गए। होटल परिसर में श्रद्धालुओं ने नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया और कथित बयान वापस लेने के साथ सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस जाप्ता भी मौके पर पहुंच गया और स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। विरोध के बीच किरीट भाई श्रद्धालुओं के सामने आए। उन्होंने कहा कि संभवतः अल्प ज्ञान के कारण उनकी टिप्पणी से किसी की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हों। उन्होंने श्याम भक्तों और बाबा श्याम से सार्वजनिक रूप से क्षमा मांगते हुए कहा कि उनका उद्देश्य किसी की आस्था को ठेस पहुंचाना नहीं था तथा वह स्वयं सनातन धर्म को मानने वाले हैं। इसके बाद श्रद्धालुओं ने विरोध समाप्त कर दिया और मामला शांत हो गया।
अब इस पूरे विवाद के बाद सामने आए नए वीडियो में किरीट भाई खाटूश्यामजी मंदिर में बाबा श्याम के दर्शन करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में वह श्रद्धा के साथ मंदिर परिसर में मौजूद दिखाई देते हैं। मंदिर कमेटी की ओर से वीडियो शेयर किए जाने के बाद यह मामला एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने तरह-तरह के कमेंट किए। कई लोगों ने कथावाचक के पुराने बयान को लेकर नाराजगी जताई। वहीं एक यूजर ने लिखा, 'चलो अच्छा है, कम से कम इनको अकल तो आई। सुबह का भूला शाम को घर आए तो उसे भूला नहीं कहते। बाबा श्याम बड़े दयालु हैं, इन्हें माफ कर देंगे।' वहीं बाकी यूजर्स ने भी अपनी-अपनी राय दी।