अजमेर

Ajmer Accident: मेगा हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, मासूम के सामने मां की मौत, ऊपर से गुजरा ट्रेलर

अजमेर जिले के किशनगढ़ में शनिवार को भीषण सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई। 26 वर्षीय पूजा कुमारी बाइक से सड़क पर गिरी और पीछे से आ रहे ट्रेलर की चपेट में आ गई। हादसे के समय बाइक पर मासूम समेत कुल 3 लोग सवार थे।
2 min read
Sep 12, 2026
ajmer accident
Ajmer Accident: हादसे के बाद मौके पर पड़ी बाइक और बैग (फोटो-पत्रिका)

अजमेर। किशनगढ़-हनुमानगढ़ मेगा हाईवे पर कालीडूंगरी के पास शनिवार शाम सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई। सड़क पर गड्ढे के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ने के बाद पीछे बैठी महिला सड़क पर गिर गई। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रेलर का पहिया उसके ऊपर से निकल गया। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक सवार उसके पति और दो वर्षीय बच्चे को मामूली चोटें आई हैं।

पुलिस के अनुसार जयपुर जिले के सांभर निवासी दिलीप कुमार अपनी पत्नी पूजा कुमारी (26) और दो वर्षीय बच्चे के साथ बाइक से सांभर की ओर जा रहे थे। शाम करीब 4:30 बजे किशनगढ़ से करीब पांच-छह किलोमीटर दूर कालीडूंगरी गांव के पास उनकी बाइक सड़क पर बने गड्ढे के कारण असंतुलित होकर फिसल गई।

सिर धड़ से हुआ अलग

बाइक गिरने के दौरान पीछे बैठी पूजा सड़क पर जा गिरी। इसी समय पीछे से आ रहा ट्रेलर उसे चपेट में लेते हुए निकल गया। ट्रेलर के पिछले पहिए के नीचे आने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि महिला का सिर धड़ से अलग हो गया।

पुलिस ने शव मोर्चरी पहुंचाया

हादसे की सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटना के बाद हाईवे पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को एकत्र करवाया और स्ट्रेचर के जरिए वाहन से राजकीय यज्ञनारायण अस्पताल की मोर्चरी पहुंचाया।

हादसे में बाइक चला रहे दिलीप कुमार और उनके दो वर्षीय बच्चे को मामूली चोटें आई हैं। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी है।

गड्ढों के कारण बाइक असंतुलित होने का दावा

बाइक सवार दिलीप कुमार और मौके पर मौजूद राहगीरों के अनुसार, सड़क पर बने गहरे गड्ढे के कारण बाइक असंतुलित हुई थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि कालीडूंगरी के आसपास हाईवे की सड़क की स्थिति लंबे समय से खराब है और यहां गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।

यह वीडियो भी देखें :

लोगों ने सड़क की मरम्मत और गड्ढों को दुरुस्त कराने की जरूरत बताई है। उनका कहना है कि व्यस्त मेगा हाईवे पर सड़क की खराब स्थिति वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। फिलहाल पुलिस ने हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है।

Updated on:
12 Sept 2026 06:51 pm
Published on:
12 Sept 2026 06:50 pm