अजमेर

सांसद रघु शर्मा ने साधा सरकार पर निशाना बोले मोटी चांदी कूटने वाले अब और कितनी जान लेंगे

सांसद डॉ. रघु शर्मा ने कहा कि रोडवेज बस व डम्पर की टक्कर से गंभीर हादसा हुआ है। इसमें सात जनों की जान चली गई।

2 min read
Jul 09, 2018
bjp MLA's and ministers work under pressure, says MP Raghu Sharma
bjp MLA's and ministers work under pressure, says MP Raghu Sharma

अजमेर. सांसद डॉ. रघु शर्मा ने कहा कि रोडवेज बस व डम्पर की टक्कर से गंभीर हादसा हुआ है। इसमें सात जनों की जान चली गई। राज्य सरकार को समय रहते अवैध बजरी खनन व परिवहन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। शर्मा ने कहा कि राजस्थान में अवैध बजरी माफिया सक्रिय है। अंधाधुंध बजरी दोहन कर चोरी कर रहे हैं, यही वजह है कि डम्पर आदि तेज चलाते हैं। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट से भी गुजारिश की है कि प्रदेश में अवैध बजरी खनन व परिवहन को रोका जाए।

उन्होंने जेएलएन अस्पताल में गंभीर घायलों व मृतकों के परिजन से मिल कर ढांढस बंधाया। उन्होंने जिला कलक्टर डोगरा, पुलिस अधीक्षक सिंह, जेएलएन मेडिकल कॉलेज के प्रिंसीपल डॉ. आर.के. गोखरू को निर्देश दिए कि जो गंभीर घायल हैं, जिनके हेड इंजरी है सभी को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराकर इलाज करें। सांसद शर्मा ने कहा कि अवैध बजरी खनन व परिहन के चलते आए दिन लोगों की मौतें हो रही है, हादसे हो रहे हैं।

राज्य सरकार के इस पर कंट्रोल करना चाहिए। अवैध खनन व परिहन कर मोटी चांदी कूटने वाले अब और कितने लोगों की जान लेंगे? सांसद के साथ कांग्रेस कमेटी के शहर अध्यक्ष विजय जैन, देहात जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह राठौड़, नसीराबाद विधायक रामनारायण गुर्जर, पूर्व विधायक नसीम अख्तर, देहात उपाध्यक्ष सौरभ बजाड़, इंसाफ खान, महिला कांग्रेस अध्यक्ष सबा खान, राजनारायण आसोपा आदि मौजूद थे।

असंवेनदशील और अमानवीय बयान
भीषण दुर्घटना में मानवीय दृष्टिकोण के बजाय कांग्रेस के सांसद डॉ. रघु शर्मा ने असंवेनदशील और अमानवीय बयान दिया है। उन्होंने डम्पर को बजरी खनन और भाजपा से जोड़कर निंदनीय बात कही है। वास्तव में यह डम्पर रेलवे के डीएफसीसी कार्य में लगा था, जो गिट्टी और सीमेंट का लदान करता मिला। डॉ. शर्मा को आगामी चुनाव में कांग्रेस की पराजय दिख रही है। ऐसा बयान उनकी राजनीतिक बौखलाट का परिचायक है। हम कड़े शब्दों में इसकी निंदा करते हैं।-प्रो. बी. पी. सारस्वत, भाजपा देहात जिलाध्यक्ष

Published on:
09 Jul 2018 08:38 pm