जिसे सीज करना था, उसकी जगह दूसरे गेस्ट हाउस को कर दिया सीज लोगों ने निगम की टीम को घेरा, निगम सचिव से अभ्रद व्यवहारनिगम ने दर्ज कराया राजकार्य में बाधा का मामला
अजमेर. नगर निगम की ओर से दरगाह क्षेत्र में एक गेस्ट हाउस सीज करने के मामले में लापरवाही बरते जाने पर एक जेईएन को निलम्बित कर दिया गया है। वहीं सीज के दौरान नगर निगम की टीम का घेराव करने और अधिकारियों के साथ अभ्रद व्यवहार करने पर पांच लोगों के खिलाफ निगम की ओर से दरगाह थाने में मामला दर्ज कराया गया है।
दरअसल नगर निगम की टीम सचिव सीता वर्मा के नेतृत्व में गुरुवार सुबह 8.30 बजे दरगाह क्षेत्र स्थित फूलगली में एक गेस्ट हाउस का सीज करने के लिए पहुंची। वहां पर उन्हें सैयद फुरकान उस्मानी के अवैध भवन को सीज करना था, लेकिन निगम की टीम ने गफलत में उसी गली में स्थित नासीर अहमद का गेस्ट हाउस सीज कर दिया। इस पर कुछ लोग विरोध पर उतर आए और उन्होंने निगम की टीम को घेर लिया। बताया जा रहा है कि इस दौरान नगर निगम सचिव वर्मा के साथ अभ्रद व्यवहार भी किया गया। सूचना पर दरगाह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया।
इसलिए निलम्बित किया जेईएन को
निगम की टीम द्वारा जिनका गेस्ट हाउस सीज किया गया था वे लोग नगर निगम पहुंच गए। सभी ने कार्रवाई को गलत बताया। इस पर नगर निगम आयुक्त चिन्मयी गोपाल ने उपायुक्त गजेन्द्र सिंह रलावता, डीएलआर एच.आर. सिंघवी और जेईएन प्रियंका को मौके पर जाकर पूरी रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। जांच में सामने आया कि गलती से नासीर अहमद का गेस्ट हाउस सीज कर दिया गया। इस पर जेईएन प्रियंका को दोषी मानते हुए निलम्बित कर दिया गया। साथ ही सीज किया गया गेस्ट हाउस वापस खोलने के आदेश दिए।
यूं हुई गफलत
दरगाह क्षेत्र स्थित फूल गली में सैयद फुरकान अली की ओर से करवाए जा रहे अवैध निर्माण कार्य की शिकायत सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज हुई थी। आयुक्त के निर्देश पर जेईएन प्रियंका मामले की जांच के लिए फूलगली पहुंची। वहां पर फुरकान अली के बजाय नासीर अहमद की ओर से करवाए जा रहे निर्माण कार्य को बंद करवा दिया। हालांकि यह निर्माण कार्य चलता रहा और गेस्ट हाउस तैयार हो गया। इसी रिपोर्ट के आधार निगम ने गेस्ट हाउस सीज करने का निर्णय किया लेकिन गेस्ट हाउस मालिक का नाम सैयद फुरकान अली लिखा गया था। इस हिसाब से फुरकान का ही गुरुवार को भवन सीज करना था, लेकिन नगर निगम की टीम ने नासीर का गेस्ट हाउस सीज कर दिया।
अब सीज होंगे दोनों गेस्ट हाउस
नगर निगम आयुक्त ने बताया कि नगर निगम की ओर से गुरुवार को सुबह जो गेस्ट हाउस सीज किया है, वह भी अवैध तरीके से बना हुआ है। उसे भी नोटिस देकर सीज किया जाएगा। साथ ही सैयद फुरकान अली उस्मानी के गेस्ट हाउस को भी सीज किया जाएगा।
पांच के खिलाफ राजकार्य में बाधा के मामले
दरगाह क्षेत्र स्थित फूलगली में गेस्ट हाउस को सीज करने गई टीम का घेराव करने और सचिव के साथ अभद्र व्यवहार करने व राजकार्य में बाधा के आरोप में दरगाह थाने में पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है।
माकड़वाली और रसाला बावड़ी में किए सीज
नगर निगम की टीम ने पड़ाव स्थित रसाला बावड़ी में भावना रंगवानी की दो दुकानों को भी सीज किया। इसके बाद माकड़वाली रोड सेंट स्टीफन चौराहा स्थित राजेश बसंतानी की तीन दुकानों और बेसमेंट को सीज किया गया। हालांकि उनका आरोप है कि हाईकोर्ट का स्टे होने के बावजूद द्वेषतापूवर्क कार्रवाई की गई।
सीज की कार्रवाई पर पार्षद पहुंचे, आयुक्त ने कहा गलत कार्य बर्दाश्त नहीं होगा
नगर निगम की ओर फूल गली में गेस्ट हाउस को सीज करने की कार्रवाई की जानकारी मिलने पर पार्षद के. के. त्रिपाठी, पार्षद अमाद चिश्ती आदि आयुक्त से बात करने पहुंचे। बातचीत के दौरान उनकी आयुक्त से बहस हो गई। इस पर पार्षदों ने अन्य पार्षदों को फोन करके निगम बुला लिया। जानकारी मिलने पर कांग्रेस और भाजपा के 25-30 पार्षद निगम आयुक्त कक्ष में पहुंच गए। बताया जा रहा है कि इस दौरान आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि गलत कार्य बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, निगम की सीज की कार्रवाई जारी रहेगी। उधर पार्षदों से जब इस मामले में पूछा गया तो उनका कहना था कि वे वार्डो में विकास कार्य को लेकर आयुक्त से बात करने गए थे। उनसे कहा गया है कि वार्ड में विकास कार्य को लेकर पार्षदों के साथ हर 15 दिन में बैठक की जाए और समस्याओं का समाधान कर विकास कार्य करवाए जाएं।
इनका कहना है
नगर निगम की ओर से फूल गली में गलत गेस्ट हाउस को सीज कर दिया गया। जेईएन प्रियंका को निलम्बित कर दिया गया है। वहां पर सचिव के साथ अभद्र व्यवहार करने वालों के खिलाफ दरगाह थाने में मामला दर्ज कराया गया है।
चिन्मयी गोपाल, आयुक्त नगर निगम अजमेर