
अजमेर.पुष्कर में डेढ़ सौ करोड़ रुपए की अनुमानित लागत से बागेश्वर धाम उपासक आचार्य धीरेन्द्र शास्त्री के सानिध्य में विशाल हनुमान मंदिर व मठ निर्माण की कवायद शुरू कर दी गई है। पूर्व केन्द्रीय मंत्री ने इस योजना को मूर्त रूप देने के प्रयास किए हैं। जानकारी के अनुसार इस मंदिर में एक लाख श्रद्धालुओं के बैठने के साथ-साथ 50 हजार लोगों के लिए निरंतर भंडारा चलाने तथा गौशाला निर्माण को प्राथमिकता दी जा रही है। यह सारी योजना श्री श्याम सनातन सेवा समिति की देखरेख में करना प्रस्तावित बताया जा रहा है।
पुष्कर के नए मेला मैदान में 23 से 25 फरवरी 2026 तक तीन दिवसीय हनुमंत कथा व दरबार लगाने के दौरान बागेश्वर धाम उपासक आचार्य धीरेन्द्र शास्त्री के समक्ष पुष्कर में भी बागेश्वर धाम का मठ व मंदिर बनाने की मांग उठी थी। श्री श्याम सनातन सेवा समिति के अधीन इस वृहद योजना को मूर्त रूप देने की कवायद शुरू कर दी गई है। पुष्कर में एक विशाल भू-भाग पर गौशाला निर्माण करने के लिए जमीन आवंटन कराने के बाद वहीं पर बागेश्वर धाम का मंदिर, मठ बनाना प्रस्तावित किया गया है। हालांकि इसकी पुष्टि जमीन आवंटन के बाद ही होगी लेकिन तैयारियों को लेकर मिली जानकारी के अनुसार इस योजना में एक लाख श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था के साथ-साथ करीब 50 हजार श्रद्धालुओं के लिए अन्नपूर्णा भंडारा संचालन करने पर विशेष फोकस रहेगा। गौशाला भी बनाई जाएगी।
योजना के दारोमदारों का मानना है कि पुष्कर में बागेश्वर धाम का मंदिर मठ बनने के बाद यहां शिष्यों के साथ-साथ लाखों श्रद्धालुओं का आगमन बढ़ेगा तथा व्यापार व धार्मिक पर्यटन बढ़ेगा।
प्रदेश के 41 जिलों से बागेश्वर धाम तक 11 से 15 अक्टूबर तक हिन्दू एकता रथ यात्रा आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। आयोजन को लेकर श्री श्याम सेवा समिति की बैठक अध्यक्ष गौरी शंकर शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य रूप से इस धार्मिक आयोजन से अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को जोड़ने के साथ-साथ व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। समिति के पवन शर्मा ने बताया कि प्रदेश के 41 जिलों के एवं विधानसभा क्षेत्रों में सम्पर्क अभियान चलाया जाएगा। समिति से जुड़े कार्यकर्ता घर-घर जाकर यात्रा में शामिल होने के पीले चावल बांटेंगे। इसी के तहत जिले के ब्यावर में पीले चावल बांटकर निमंत्रण देने का काम शुरू कर दिया गया है। बैठक में आयोजन के पोस्टर का विमोचन भी किया गया।