अजमेर

पुष्कर मेले में छाए 5-5 करोड़ के घोड़े, 68.5 इंच लंबे ‘RDX’ और ‘Alex’ को देखने उमड़ी भीड़

Pushkar Fair 2026 : पुष्कर पशु मेले में इस बार पशुओं की खरीद-फरोख्त के साथ शानदार नस्ल के घोड़े भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। देशभर से पशुपालक और व्यापारी अपने बेहतरीन पशुओं के साथ मेले में पहुंच रहे हैं।
2 min read
• •
Updated: 13 Nov 2026, 3:53 PM IST
Pushkar fair 2026
Horses take centrestage at Pushkar Fair (Photo/ANI)

Pushkar Fair 2026 : अजमेर। अंतरराष्ट्रीय पुष्कर पशु मेले की रंगत परवान चढ़ने लगी है। मेले में इस बार पशुओं की खरीद-फरोख्त के साथ शानदार नस्ल के घोड़े भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। देशभर से पशुपालक और व्यापारी अपने बेहतरीन पशुओं के साथ मेले में पहुंच रहे हैं। इसी बीच महाराष्ट्र से आए मारवाड़ी नस्ल के दो घोड़े 'RDX' और 'Alex' अपनी कद-काठी, खूबसूरती और करोड़ों रुपए की कीमत को लेकर चर्चा में हैं।

इनमें 'RDX' की लंबाई 68.5 इंच है। अपनी शानदार कद-काठी और दमदार व्यक्तित्व के चलते यह घोड़ा पशुपालकों के साथ मेले में आने वाले पर्यटकों का भी ध्यान खींच रहा है। इसके मालिक के मुताबिक, बचपन से ही इस घोड़े का स्वभाव और अंदाज काफी दमदार था। इसी वजह से उन्होंने इसका नाम 'RDX' रखा।

65 इंच लंबा है 'Alex', उम्र करीब 10 साल

मेले में दूसरा आकर्षण करीब 10 साल का मारवाड़ी नस्ल का घोड़ा 'Alex' है। इसकी लंबाई 65 इंच है। शानदार शारीरिक बनावट और खूबसूरत चाल के कारण यह भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। इसके मालिक ने इसकी कीमत करीब 5 करोड़ रुपए लगाई है।

दोनों घोड़ों की कीमत 5-5 करोड़ रुपए

महाराष्ट्र के जालना निवासी घोड़ों के मालिक माजिद सौदागर ने एएनआई से बातचीत में बताया कि दोनों घोड़े मारवाड़ी नस्ल के हैं और इनका इस्तेमाल प्रजनन (ब्रीडिंग) के लिए किया जाता है। उन्होंने कहा कि इन घोड़ों से अच्छे परिणाम मिल रहे हैं, इसलिए इनकी कीमत इतनी अधिक रखी गई है। उन्होंने दोनों घोड़ों की कीमत 5-5 करोड़ रुपए बताई।

देशभर से पहुंचते हैं पशुपालक और व्यापारी

पुष्कर मेले में हर साल देश के अलग-अलग हिस्सों से पशुपालक और व्यापारी घोड़े समेत विभिन्न नस्लों के पशुओं को लेकर पहुंचते हैं। इस बार भी घोड़ों के शौकीनों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। 'RDX' और 'Alex' जैसे शानदार घोड़ों की मौजूदगी ने मेले की रौनक बढ़ा दी है। इनकी कद-काठी और कीमत को लेकर मेले में आने वाले लोगों के बीच खूब चर्चा हो रही है।

Updated on:
13 Nov 2026, 3:53 PM IST
Published on: