अजमेर

हाइटेंशन लाइन की चपेट में करंट से तीन भैंसें मरी

ग्रामीणों ने जताया रोष, मुआवजे की मांग
less than 1 minute read
Oct 11, 2019
हाइटेंशन लाइन की चपेट में करंट से तीन भैंसें मरी
पुष्कर के देवनगर गांव में हाइटेंशन बिजली के टूटे तारों की करंट से मृत भैंसें।

पुष्कर. निकटवर्ती ग्राम देवनगर व तिलोरा रोड के बीच स्थित खेत में 11 हजार केवी हाइटेंशन लाइन केतार टूटकर गिरने पर करंट लगने से तीन भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में रोष उत्पन्न हो गया तथा मुआवजे की मांग की। सूचना मिलते ही पुलिस के साथ विद्युत निगम के अधिकारी ने घटना स्थल पर पहुंचकर मौका रिपोर्ट तैयार की।

पीडि़त भैंस मालिक हरि सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि खेत में 11 हजार केवी लाइन के तार टूटे हुए थे। खेत में चरने के दौरान करंटयुक्त तारों के चपेट में आने से उसकी तीनों भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई। हरि सिंह ने आरोप लगाया कि विद्युत निगम की लापरवाही के चलते भैंसों की मौत हुई है। उसने करीब तीन लाख रुपए के मुआवजे की मांग की।

घटना स्थल पर पहुंचे विद्युत निगम के सहायक अभियंता मोहन जादौन ने बताया कि गिलहरी के कारण तार टूटे पाए गए। भैंसों की मौत को हाइटेंशन के करंट से हुई है। मौका रिपोर्ट बनाकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ उच्चाधिकारियों को प्रकरण प्रेषित कर दिया जाएगा। इसके बाद मुआवजा देने के बारे मे निर्णय होगा।

Published on:
11 Oct 2019 05:01 am