Rajasthan Accident: टायर के नीचे आने से बाइक सवार युवक का सिर कुचल गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
अजमेर। सावर क्षेत्र के ग्राम नापाखेड़ा एवं धुवाला तिराहे के बीच अजमेर-कोटा राजमार्ग के बनास नदी पुलिया पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ग्रामीणों ने हंगामा खड़ा करते हुए राजमार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची हनुमान नगर थाना पुलिस एवं सावर थाना पुलिस ने समझाइश कर जाम खुलवाया। घटनास्थल हनुमान नगर थाना क्षेत्र का होने के कारण संबंधित थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जानकारी के अनुसार सावर उपखण्ड क्षेत्र के ग्राम पाडलिया निवासी अभिमन्यु रैगर (22) पुत्र मदनलाल बाइक पर देवली से अपने गांव पाडलिया जा रहा था। इसी दौरान धुवाला तिराहे के पास बनास नदी पुलिया पर सामने से तेज गति से आ रहे अज्ञात भारी वाहन ने उसकी बाइक को चपेट में ले लिया।
टायर के नीचे आने से बाइक सवार युवक का सिर कुचल गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी मिलने पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। मृतक के परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने दुर्घटना के विरोध में राजमार्ग पर जाम लगा दिया। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने पुलिस के समक्ष हंगामा करते हुए रोष जताया। पुलिस ने ग्रामीणों को दुर्घटनाकारित करने वाले वाहन को पकड़ने का भरोसा दिलाते हुए समझाइश कर जाम खुलवाया। हनुमान नगर थाना पुलिस ने देवली के राजकीय चिकित्सालय में पोस्टमार्टम कार्रवाई के बाद शव परिजन के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने मृतक के पिता की रिपोर्ट पर दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।