
अजमेर। राजस्थान के किशनगढ़ में शातिर बदमाशों ने ज्वैलरी खरीदने के बहाने चूरू के एक व्यापारी को ऐसा झांसा दिया कि उसके कर्मचारी करीब डेढ़ किलो सोने के आभूषण लेकर पहुंचे और खाली हाथ लौटे। आरोपियों ने पहले तीन-चार दिन तक फोन पर आभूषण खरीदने का ऑर्डर देकर व्यापारी का भरोसा जीता। इसके बाद कर्मचारियों को माल दिखाने के बहाने बुलाया और भुगतान करने का झांसा देकर करीब 1510 ग्राम सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए। मदनगंज थाना पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 1 करोड़ 80 लाख रुपए कीमत के सोने के आभूषण और 1 लाख 32 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार चूरू जिले के चाड़वास निवासी मनफूल सोनी पायल ज्वैलर्स के प्रोपराइटर हैं। उनके पास किशनगढ़ निवासी राहुल सोनी का तीन-चार दिन तक फोन आया। राहुल ने उनकी फर्म से सोने के आभूषण खरीदने की इच्छा जताते हुए ऑर्डर दिया। लगातार संपर्क और बातचीत से व्यापारी को भरोसा हो गया। इसके बाद 5 नवंबर 2026 को उन्होंने अपने कर्मचारी राम सोनी और मनोज सोनी को करीब 1510 ग्राम सोने के आभूषण बिल सहित देकर किशनगढ़ भेज दिया।
दोनों कर्मचारी दोपहर करीब 3:30 बजे किशनगढ़ पहुंचे। राहुल उन्हें गुणसागर ज्वैलर्स के ऊपर बने मकान में ले गया। यहां कर्मचारियों ने उसे सोने के आभूषण दिखाए और बिल सौंप दिया। राहुल ने आभूषणों का चयन करने की बात कही और कुछ देर बाद वहां से चला गया। काफी देर तक वापस नहीं आने पर कर्मचारियों और व्यापारी ने उसे कई बार फोन किया। इसके बाद राहुल लौटा और भुगतान के साथ शेष सामान देने का भरोसा दिलाया।
वह दोनों कर्मचारियों को आरआर ज्वैलर्स, मदनगंज ले गया। यहां उसने कर्मचारियों को कुछ देर खड़े रहने के लिए कहा और स्कूटी लेकर फरार हो गया। काफी इंतजार के बाद भी जब वह नहीं लौटा तो कर्मचारियों को ठगी का अहसास हुआ।
व्यापारी ने 10 नवंबर को मदनगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। किशनगढ़ की गलियों और प्रमुख मार्गों पर लगे 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। तकनीकी अनुसंधान के आधार पर आरोपियों की पहचान हुई। वारदात के बाद आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे। पुलिस टीमों ने ब्यावर, राजसमंद, अजमेर, लाडनूं, चूरू, बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, हरिद्वार और जयपुर सहित कई शहरों में दबिश दी।
पुलिस ने राहुल कुमार सोनी (39), मूल निवासी चूरू और हाल किशनगढ़, अविनाश कुमार सिंह (37), मूल निवासी सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश और हाल अजमेर तथा प्रेम नवलानी (34), निवासी अजमेर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से करीब 1510 ग्राम सोने के आभूषण और 1.32 लाख रुपए नकद बरामद हुए हैं। मामले में आरोपियों से पूछताछ जारी है।