अजमेर

राजस्थान में बंदर ने मेमने को बनाया अपना ‘लाल’, पेड़ पर 1 घंटे तक दुलारता रहा, सीने से लगाकर चूमा माथा

Monkey and Goat Viral video: अजमेर के लाखन कोटड़ी क्षेत्र में एक बंदर बकरी के बच्चे को उठाकर पेड़ पर चढ़ गया। लोगों को अनहोनी की आशंका थी, लेकिन बंदर उसे नुकसान पहुंचाने के बजाय दुलारता रहा। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।

2 min read
Mar 03, 2026
Rajasthan Monkey and Goat Viral video
Rajasthan Monkey and Goat Viral video Photo

Rajasthan Monkey and Goat Viral video: राजस्थान के अजमेर शहर से एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसे देखकर आप भी भावुक हो जाएंगे। अक्सर जानवरों के बीच संघर्ष की खबरें आती हैं, लेकिन लाखन कोटड़ी के जैन पंडाल क्षेत्र में जो हुआ, वह 'कुदरत का करिश्मा' ही था। यहां एक बंदर ने एक बकरी के छोटे से बच्चे (मेमने) को न केवल अगवा किया, बल्कि उसे घंटों तक अपने सीने से लगाकर दुलारता रहा।

रविवार शाम करीब छह बजे लाखन कोटड़ी इलाके में अचानक अफरा-तफरी मच गई, जब एक बंदर ने जमीन पर खेल रहे बकरी के बच्चे को झपट्टा मारकर उठा लिया। लोग डरे हुए थे कि कहीं बंदर उसे नुकसान न पहुंचा दे, लेकिन जैसे ही बंदर पेड़ की सबसे ऊंची डाल पर जाकर बैठा, नजारा पूरी तरह बदल गया।

दुश्मनी नहीं, दिखी मां जैसी ममता

पेड़ की ऊंचाई पर बैठकर बंदर उस नन्हे मेमने को इंसानी बच्चों की तरह अपनी गोद में थामे हुए था। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बंदर मेमने के सिर पर प्यार से हाथ फेर रहा था। उसे अपने सीने से लगाकर सुरक्षा दे रहा था। नीचे खड़े लोगों के शोर के बावजूद वह बच्चे को छोड़कर भागा नहीं, बल्कि उसे और कसकर पकड़ लिया।

फलों से जीता बंदर का दिल

बकरी का मालिक और स्थानीय लोग बच्चे की सुरक्षा को लेकर चिंतित थे। बंदर का ध्यान भटकाने के लिए लोगों ने सूझबूझ दिखाई और पेड़ की ओर केले और अन्य फल फेंके। काफी देर बाद जब बंदर का मन भरा और उसका ध्यान खाने की ओर गया, तब उसने बड़ी ही सावधानी से मेमने को नीचे छोड़ दिया। गनीमत रही कि मेमने को एक खरोंच तक नहीं आई।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ 'अजमेर का हनुमान'

हाल ही में सोशल मीडिया पर AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से बने जानवरों के कई वीडियो वायरल हुए थे, लेकिन अजमेर का यह वीडियो 100% असली है। लोग इसे 'प्रकृति की अद्भुत ममता' कह रहे हैं। फेसबुक और इंस्टाग्राम पर यह वीडियो हजारों बार शेयर किया जा चुका है।

Published on:
03 Mar 2026 10:24 am