
अजमेर. तिलोनिया बेयरफुट के संस्थापक और सामाजिक कार्यकर्ता संजीत बंकर रॉय का मंगलवार सुबह तिलोनिया में निधन हो गया। उन्होंने 81 साल की उम्र में सुबह करीब 6:15 बजे तिलोनिया स्थित अपने घर पर अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार शाम 4 बजे होगा। उनकी पत्नी अरुणा रॉय भी सामाजिक कार्यकर्ता हैं और सूचना के अधिकार (RTI) आंदोलन में उनकी अहम भूमिका रही है। जानकारी के अनुसार, बंकर रॉय को 1986 में पद्मश्री से सम्मानित किय गया था।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए बंकर रॉय के निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि बंकर रॉय ने महात्मा गांधी के सिद्धांतों पर चलते हुए ग्रामीण आत्मनिर्भरता, शिक्षा और विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनका पूरा जीवन गांवों को सशक्त बनाने और वंचित वर्गों के जीवन में बदलाव लाने के लिए समर्पित रहा। गहलोत ने बताया कि उनका बंकर रॉय से पुराना संपर्क था और कुछ समय पहले ही उन्होंने बेयरफुट कॉलेज जाकर उनसे और अरुणा रॉय से मुलाकात की थी।
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने भी X पर पोस्ट कर बंकर रॉय के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि बंकर रॉय ने अपनी पूरी जिंदगी गांवों में रहने वाले लोगों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए काम किया। थरूर ने बताया कि तिलोनिया में बेयरफुट कॉलेज शुरू कर उन्होंने गांव की महिलाओं, खासकर बुजुर्ग महिलाओं को सोलर लाइट लगाने और उसकी मरम्मत करने की ट्रेनिंग दी। इससे भारत ही नहीं, दूसरे देशों के भी हजारों गांवों के घरों तक बिजली पहुंची। थरूर ने अरुणा रॉय और उनके परिवार के प्रति संवेदना भी जताई।
संजीत बंकर राॅय और अरुणा रॉय ने वर्ष 1972 में बेयरफुट कॉलेज की स्थापना की थी। यह गांधीवादी दर्शन पर आधारित है। इसका मकसद ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का समाधान बाहर से इंजीनियर या विशेषज्ञों के बजाय स्थानीय लोगों के कौशल और ज्ञान का उपयोग करना है। बिना स्कूल गए ग्रामीण महिलाओं और दादी-नानियों को सोलर एनर्जी , हैंडपंप सुधारने, वर्षा जल संचयन, और हस्तशिल्प जैसी तकनीकी का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यहां प्रशिक्षित ग्रामीण महिलाएं सोलर मामा के रूप में जानी जाती हैं। यह अपने गांवों और देश-विदेश के दूरदराज इलाकों में सोलर लाइट और सिस्टम स्थापित और रखरखाव में सहायता करती हैं।
संजीत रॉय का वास्तविक नाम संजीत रॉय ही था, लेकिन दुनिया भर में वे 'बंकर रॉय' के नाम से मशहूर हुए। वे मूल रूप से एक प्रतिष्ठित बंगाली परिवार से ताल्लुक रखते थे। बंगाली परंपरा में भाई-बहनों के घरेलू नाम आपस में मिलते-जुलते रखने का चलन है। उनके सगे भाई का नाम "शंकर" था, इसी की राइमिंग (तुकांत) में बचपन में उनका घरेलू नाम "बंकर" रखा गया, जो आगे चलकर उनकी आधिकारिक और वैश्विक पहचान बन गया।