
अजमेर . माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान की दसवीं का परीक्षा परिणाम इसी माह के दूसरे पखवाड़े में जारी कर दिया जाएगा। शिक्षा बोर्ड प्रशासन दसवीं के परिणाम को अंतिम रूप देने मे जुटा हुआ है। परीक्षा में 10 लाख 82 हजार 972 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।
बोर्ड ने 23 मई को सीनियर सैकंडरी विज्ञान और वाणिज्य वर्ग का परिणाम व 1 जून को सीनियर सैकंडरी कला वर्ग व वरिष्ठ उपाध्याय का परिणाम जारी कर दिया था। इसके बाद अब शिक्ष बोर्ड को दसवीं और प्रवेशिका परीक्षा का परिणाम जारी करना है।
लगभग 65 लाख उत्तरपुस्तिकाएं
दसवीं की परीक्षाएं 15 मार्च से प्रारंभ होकर 26 मार्च को समाप्त हुई थी। बोर्ड प्रशासन ने इस परीक्षा की 64 लाख 97 हजार से अधिक उत्तरपुस्तिकाएं जंचवाई है। परीक्षकों ने सभी उत्तरपुस्तिकाओं के प्राप्तांक भी बोर्ड को भिजवा दिए हैं। इसके अलावा विद्यालय की ओर से सत्रांक भी भिजवाए गए हैं। बोर्ड अधिकारियों के अनुसार अब परिणाम को अंतिम रूप दिया जा रहा है। जानकारी के अनुसार इस माह के तीसरे सप्ताह में परिणाम जारी करने की तैयारी की जा रही है।