अजमेर

ट्रैक्टर बने 5 रुपए के नोट के बदले 48 लाख! ठगों के जाल में फंसी सेवानिवृत्त महिला शिक्षक ने गंवाए लाखों रुपए

अजमेर में साइबर ठगों ने सेवानिवृत्त महिला शिक्षक को सोशल मीडिया पर दिए गए आकर्षक विज्ञापन के जाल में फंसाकर लाखों रुपए ठग लिए।

less than 1 minute read
Apr 30, 2026
rs 5 tractor note scam
Photo- AI

Ajmer Cyber Crime: अजमेर। साइबर ठगों ने सेवानिवृत्त महिला शिक्षक को सोशल मीडिया पर दिए गए आकर्षक विज्ञापन के जरिए झांसे में लेकर ठगी का शिकार बनाया। जालसाज ने पीड़िता से अलग-अलग शुल्क के नाम पर 3 लाख 66 हजार रुपए की रकम ठग ली। पीड़िता ने साइबर थाने में मामला दर्ज कराया है, जहां पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है।

थानाप्रभारी (आरपीएस) शमशेर खां ने बताया कि शास्त्रीनगर गुरुद्वारे के सामने रहने वाली मृदुला शर्मा ने रिपोर्ट में बताया कि उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर ट्रैक्टर बने 5 रुपए के नोट को 48 लाख रुपए में बेचने का विज्ञापन देखा। उनके पास भी ऐसा नोट होने के कारण उन्होंने विज्ञापन में दिए नंबर पर संपर्क किया।

यों बनाया ठगी का शिकार

खां ने बताया कि ठगों ने सबसे पहले पीड़िता से नोट की फोटो मंगवाई और फिर प्रोसेसिंग फीस के नाम पर 520 रुपए जमा करवाए। इसके बाद जीएसटी, वाहन शुल्क, खाने-पीने सहित अन्य कई प्रकार के शुल्क बता लगातार पैसे मांगते रहे।

खातों में ट्रांसफर कराए पैसे

ठगों ने पीड़िता मृदुला शर्मा से अलग-अलग बैंक खातों में 3 लाख 66 हजार रुपए ट्रांसफर करवाए। जब काफी समय तक नोट की बिक्री नहीं हुई तो पीड़िता को ठगी का एहसास हो गया। उसने साइबर थाना में शिकायत दी। पीड़िता की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने प्रकरण दर्जकर जांच शुरू कर दी है। जांच हेडकांस्टेबल महिपालसिंह चारण को सौंपी गई है।

लोगों से सतर्क रहने की अपील

थानाप्रभारी(आरपीएस) शमशेर खां ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर दिखाए जाने वाले इस तरह के लोक लुभावने विज्ञापनों से सावधान रहें। और किसी भी प्रकार की फीस या राशि अज्ञात व्यक्तियों को ट्रांसफर न करें।

Published on:
30 Apr 2026 06:09 pm