
अजमेर / श्रीनगर. पंचायत समिति श्रीनगर कार्यालय में एलडीसी के पद पर कार्यरत एक ऐसा दृष्टिहीन कार्मिक भी है जो कोरोना वैश्विक महामारी में प्रशासन का कंधे से कंधा मिलाकर अनूठी मिसाल पेश करता दिख रहा है। पंचायत समिति श्रीनगर में कार्यरत कार्मिक भेरूलाल मेघवाल की कला कौशलता और कार्य के प्रति बेमिसाल जज्बे को देख कोई यह नही बता सकता है कि यह दृष्टिहीन भी है। श्रीनगर विकास अधिकारी शिवदान सिंह ने केंद्र सरकार द्वारा जब से वैश्विक महामारी के बढ़ते प्रकोप को देखा तो इस संक्रमित जाल को तोडऩे के लिए लॉकडाउन और धारा 144 लगा दी गयी थी जिससे इस चक्र को तोड़ा जा सके।
उसी दिन से मेघवाल बिना पीछे हटे विकास अधिकारी के बताए हुए दिशा निर्देश पर चलकर पंचायत समिति की सभी ग्रामो पंचायतों में जाकर माइक से ग्रामीणों को कोरोना कर प्रति जागरूक करते हुए आस-पास स्वच्छता बनाये रखने का संदेश दे रहा है। इसके साथ ही हर रोज कार्यालय पहुँचकर कार्मिकों से आइसोलेट व्यक्तियों का डाटा एकत्रित कर सूचना जिला परिषद कार्यालय और एसडीएम कार्यालय में पहुचाने का कार्य कर रहा है। बता दे कि दृष्टिहीन मेघवाल धड़ल्ले से कंप्यूटर चलाने में भी मास्टर माइंड है।
मेघवाल का कहना रहा कि स्क्रीन रीडर की सहायता से उन्हें कम्प्यूटर पर कार्य करने में कोई समस्या नही आती है। इसके साथ ही मेघवाल की एक खूबी यह भी है कि वह अपनी ब्रेन लिपी से हर एक कमरे में बिना किसी मदद के आसानी से कही पहुँच जाते है। चाहे उन्हें कार्य के लिए किसी अधिकारी के कक्ष में कार्य के लिए क्यो न जाना हो।