
बिना फिटनेस मिली दो बालवाहिनियां
परिवहन विभाग ने की वाहनों की जांच
अजमेर. परिवहन विभाग ने सोमवार को बालवाहिनियों की जांच की। इस दौरान दो बसें बिना फिटनेस के चलती हुई पाई गई। इस दौरान स्कूल से बच्चों को लाने ले और ले जाने के में लगे वाहनों में कई बड़ी खामियां पाई गई। विभाग की ओर से 20 चालान किए गए। करीब 22 हजार रुपए जुर्माना वसूला गया।
सोमवार को परिवहन विभाग की ओर से गठित निरीक्षक अतुल कटियार, रोशन सिंह और अविनाश यादव ने विभिन्न स्थानों पर वाहनों की जांच की। तीन टीमों ने जवाहर रंगमंच, गांधी भवन और श्री नगर रोड पर स्कूल बसों व वैन की जांच की। इस दौरान एक बस में चालक बिना पांच साल के अनुभव के वाहन चलाता पाया गया। जबकि बालवाहिनी के चौथे बिंदु में लिखा है कि चालक के पास उसी श्रेणी के वाहन चलाने का पांच साल का अनुभव होना चाहिए। उसके पास पांच साल पुराना वैध ड्राइविंग लाइसेंस होना चाहिए।
इसी प्रकार दो बसों के मौके पर फिटनेस नहीं मिले। वहीं वैन के प्रदूषण प्रमाण पत्र नहीं पाए गए। विद्यार्थियों के परिवहन में लगे दस वाहनों के कागजात अधूरे मिले। निरीक्षकों ने मौके पर ही वाहनों के चालान बनाकर जुर्माना वसूला। स्कूलों की ओर से अब विभाग को कागजात पेश किए जाएंगे।