अजमेर

नहीं पहचान पाएंगे आप स्टेशन को, कुछ यूं नजर आएगा बदलाव

www.patrika.com/rajasthan-news
less than 1 minute read
• •
Updated: 20 Feb 2019, 6:31 AM IST
new entrance gate
new entrance gate

अजमेर.

रेलवे स्टेशन के सैकंड एंट्री गेट के तौर पर पालबीसला स्थित नए प्रवेश-निकास द्वार का लोकार्पण शीघ्र किया जाएगा। प्रवेश-द्वार पर टिकट खिडक़ी और प्लेटफार्म सहित अन्य निर्माण पूरे हो चुके हैं। लगभग दो साल तक चले निर्माण कार्यों के बाद अब इसका लोकार्पण किया जाना है।

रेलवे स्टेशन पर आने जाने के लिए अब तक स्टेशन रोड पर खासी भीड़ रहती है। स्टेशन रोड से ही शहर के दोनों सिरों पर आने जाने के लिए यातायात की समस्या भी उत्पन्न हो गई थी। आवाजाही के लिए स्टेशन का एक ही प्रवेश निकास द्वार होने की वजह से गुलाबबाड़ी, कुंदननगर, श्रीनगर रोड, तोपदड़ा सहित शहर के अन्य रेल यात्रियों को स्टेशन रोड आना पड़ता है। इस परेशानी को समझते हुए रेल प्रशासन ने पालबीसला की तरफ भी एक नया प्रवेश-निकास द्वार का निर्माण शुरू किया था।

अब मिलेगी सुविधा
स्टेशन निदेशक आर एल देवड़ा ने नगर निगम को पत्र लिखकर कहा है कि तोपदड़ा की ओर स्टेशन के द्वितीय प्रवेश-द्वार का शीघ्र ही लोकार्पण किया जाना है लिहाजा द्वार के सामने स्थित डेयरी बूथ, मूत्रालय, कचरा डिपो और अन्य निर्माण हटाकर वहां नालियां और सडक़ में सुधार किया जाए। जानकारी के अनुसार रेलवे प्रशासन ने पूर्व में 10 फरवरी को लोकार्पण की तैयारी की थी लेकिन किसी वजह से तारीख आगे बढ़ा दी है। फिलहाल लोकार्पण की तिथि का अधिकृत ऐलान नहीं किया गया है लेकिन संभवत: इसी माह समारोह पूर्वक इसका लोकार्पण किया जाएगा।

Published on: