www.patrika.com/rajasthan-news
अजमेर.
छात्रसंघ चुनाव जंग में उतरे प्रत्याशियों और छात्र संगठनों के पदाधिकारी धुआंधार प्रचार-प्रसार में जुटे रहे। प्रत्याशियों ने शहर में घर-घर जाकर विद्यार्थियों से वोट मांगे। इसके अलावा व्हाट्सएप, फेसबुक पर वोट और संदेश डालकर वोट देने की अपील की। शहर के पंचशील, कायड़, गुलाबबाड़ी, रामगंज क्षेत्र में चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने 24 घंटे राम-रसोड़े चलाए हैं। यहां भी चुनावी गणित और रणनीति बनती रही।
कुछ ही संस्थाओं ने दिया नोटा विकल्प
सुप्रीम कोर्ट ने लोकसभा और विधानसभा की तरह छात्रसंघ चुनाव में भी नोटा का विकल्प रखने को कहा है। कोई प्रत्याशी पसंद नहीं आने पर मतदाता नोटा का प्रयोग कर सकेंगे। छात्रसंघ चुनाव में कुछ ही संस्थाओं ने मतपत्र पर नोटा का विकल्प रखा है। अधिकांश संस्थाओं ने छात्र संगठनों और विद्यार्थियों की सहमति नहीं होने से विकल्प नहीं दिया है।
परिचय पत्र से देंगे वोट
एसपीसी-जीसीए, लॉ, संस्कृत, दयानंद कॉलेज, राजकीय कन्या महाविद्यालय और महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय में छात्र-छात्राएं परिचय पत्र से ही वोट दे सकेंगे। मतदान के दौरान विद्यार्थी कॉलेज परिसर में मोबाइल, प्रचार सामग्री नहीं ला सकेंगे। दृष्टिहीन विद्यार्थी संबंधित कक्ष में चुनाव अधिकारी की सहायता से मतदान कर सकेंगे। चुनाव एजेंट और विद्यार्थियों के परिसर में घूमते पाए जाने पर उन्हें तत्काल बाहर निकाला जाएगा। विश्वविद्यालय ने केवल छात्रसंघ चुनाव के लिए विशेष परिचय पत्र बनवाए हैं। छात्र-छात्राओं के मतदान करते ही तत्काल इन्हें वहीं जमा किया जाएगा।
विवि में नहीं बनेंगे दस्तावेज
छात्रसंघ चुनाव के चलते शुक्रवार को महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय में दस्तावेज नहीं बनाए जाएंगे। कुलसचिव अनिता चौधरी के अनुसार शुक्रवार को छात्रसंघ चुनाव के कारण मतदान होगा। इस दिन बिना परिचय पत्र प्रवेश नहीं दिया जाएगा। साथ ही डुप्लीकेट अंकतालिका, माइग्रेशन सर्टिफिकेट, टीसी, प्रोविजनल सर्टिफिकेट और अन्य नहीं बनाए जाएंगे।
युवा चुनेंगे कॉलेज और विश्वविद्यालय में अपने नेता
जिले के सभी कॉलेज सहित महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय में युवा शुक्रवार को अपने ‘नेता’ चुनेंगे। सभी संस्थाओं में सुबह 8 से दोपहर 1 बजे तक मतदान होगा। चुनाव में कहीं सीधी टक्कर तो कहीं त्रिकोणीय-चतुष्कोणीय मुकाबला है। बागी और निर्दलीय उम्मीदवारों ने एनएसयूआई और अखिल भारतीय छात्र संगठन के प्रत्याशियों को जबरदस्त चुनौती दी है।
सम्राट पृथ्वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय, राजकीय कन्या महाविद्यालय, दयानंद कॉलेज, संस्कृत कॉलेज, श्रमजीवी कॉलेज, महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार को छात्रसंघ चुनाव होंगे। कॉलेज और विश्वविद्यालय के 15 हजार से ज्यादा युवा मतदाता अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव और संयुक्त सचिव चुनने के लिए वोट देंगे। मतदान के बाद मतपेटियों को जिला कोषालय में पुलिस सुरक्षा में रखवाया जाएगा। मतगणना 11 सितम्बर को होगी।