अजमेर

निलम्बित महिला जेलर को अजमेर से अचानक जयपुर जेल में किया शिफ्ट, जानें इसके पीछे की हैरान कर देने वाली वजह

Divya Chaudhary: सेन्ट्रल जेल अजमेर स्थित महिला बंदी सुधार गृह से सजायाफ्ता और विचाराधीन दो महिला बंदियों को जेल नियमों के विरुद्ध बाहर ले निकालने के मामले में महिला जेलर दिव्या चौधरी को देर रात जयपुर जेल में शिफ्ट कर दिया गया।
2 min read
• •
Oct 09, 2026
Divya Chaudhary
निलम्बित जेलर दिव्या चौधरी। पत्रिका फाइल फोटो

अजमेर। सेन्ट्रल जेल अजमेर स्थित महिला बंदी सुधार गृह से सजायाफ्ता और विचाराधीन दो महिला बंदियों को जेल नियमों के विरुद्ध बाहर ले निकालने के मामले में महिला जेलर दिव्या चौधरी को देर रात जयपुर जेल में शिफ्ट कर दिया गया। कारागार मुख्यालय ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए उसको जयपुर महिला बंदी सु्धार गृह में भेजा है। जिला पुलिस की चालानी गार्ड की मदद से निलम्बित जेलर दिव्या को जयपुर रवाना किया। अजमेर स्थित महिला बंदी सुधार गृह की दो महिला बंदियों को जेलर दिव्या और जेल प्रहरी सोनिया चौधरी नियमों के विरूद्ध 12 जुलाई को अपने निजी आवास की साफ सफाई के लिए लेकर गई थी।

पत्रिका में प्रकरण के उजागर होने के बाद जेल प्रशासन ने दोनों को निलम्बित कर सिविल लाइंस थाने में मुकदमा दर्ज करवाया था। निलम्बन काल में गिरफ्तारी के डर से दोनों फरार हो गई। पुलिस ने 6 अक्टूबर शाम को कोटा कुनाड़ी स्थित फ्लैट से दिव्या चौधरी को गिरफ्तार किया। जिस पर 7 अक्टूबर को अदालत में पेश करने पर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया था। पुलिस को प्रकरण में अभी सोनिया चौधरी की तलाश है।

इसलिए भेजा जयपुर

जेल प्रशासन के मुताबिक अजमेर सेन्ट्रल जेल स्थित महिला बंदी सुधार गृह में दिव्या चौधरी के साथ बाहर निकली सजायाफ्ता महिला कैदी किरण और विचाराधीन बंदी सना है। दोनों की मौजूदगी और दिव्या के पूर्व में अजमेर महिला बंदी गृह में सेवारत रहने को ध्यान में रखते हुए जयपुर शिफ्ट करने का निर्णय किया गया।

कौन है किरण और सना

किरण को पति की हत्या में आजीवन कारावास: अजमेर के भिनाय क्षेत्र के उदयगढ़ खेड़ा में 17 जनवरी 2023 को खेत पर सो रहे देवेंद्रसिंह उर्फ चाटूं की हत्या हुई थी। पुलिस ने 24 घंटे में वारदात का खुलासा करते हुए पत्नी किरण उर्फ सेठा और प्रेमी शैतान गुर्जर को गिरफ्तार किया। दोनों की दोस्ती इंस्टाग्राम से हुई और संबंध का पता चलने पर देवेंद्र ने विरोध किया। पुलिस के अनुसार किरण व शैतान ने देवेन्द्र की गला दबाकर हत्या कर दी।

सना पर प्रेमी की पत्नी की हत्या का आरोप: डीडवाना-कुचामन जिले के मकराना क्षेत्र में 24 जुलाई 2023 को रुबीना की संदिग्ध मौत हुई थी। गले पर चोट के निशान मिलने पर परिजन ने हत्या की आशंका जताई। पुलिस ने चार दिन बाद पति सैफ अली, उसकी प्रेमिका सना को गिरफ्तार किया। जांच में सैफ और सना के करीब 3 साल से संबंध होना सामने आया। रुबीना पर तलाक का दबाव बनाया जा रहा था। आरोप है कि दोनों ने गला दबाकर उसकी हत्या की। सना अजमेर महिला जेल में विचाराधीन बंदी है।

गिरफ्तारी से बचने को थी फरार

12 जुलाई को अजमेर महिला बंदी सुधार गृह में हुई घटना का ‘पत्रिका’ ने सिलसिलेवार खबरों के जरिए खुलासा किया था। इसके बाद सेन्ट्रल जेल अजमेर के अधीक्षक आर. अन्तरेश्वरन की रिपोर्ट पर सिविल लाइंस थाने में विभिन्न धाराओं व राजस्थान कारागार अधिनियम की धारा 42 के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। जेल प्रशासन ने दोनों को निलम्बित कर मुख्यालय जोधपुर और बीकानेर किया था लेकिन गिरफ्तारी के डर से दोनों तैनाती स्थल पर नहीं पहुंची। नतीजतन गत 6 अक्टूबर शाम को दिव्या को गिरफ्तार कर लिया गया।

Updated on:
09 Oct 2026 11:45 am
Published on:
09 Oct 2026 11:44 am