9 अक्टूबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

राजस्थान में गैंगवारः SP ग्रुप के मुखिया की हत्या, हिस्ट्रीशीटर समेत 25 बदमाशों ने किया हमला; साथी के हाथ-पैर तोड़े

लक्ष्मणगढ़ हाईवे पर रसीदपुरा के पास बुधवार देर रात दो विरोधी गैंग में गैंगवार हो गई। जिसमें एसपी गैंग के मुखिया संदीप पिलानिया (34) की फावड़े, सरियों और रॉड से हमला कर हत्या कर दी गई। उसका साथी आनंद शर्मा गंभीर घायल है।
2 min read
Google source verification

सीकर

•

image

Anil Prajapat

•

Oct 09, 2026

Sikar Gangwar

क्षतिग्रस्त गाड़ियां व मृतक संदीप पिलानिया। फोटो: पत्रिका

सीकर। लक्ष्मणगढ़ हाईवे पर रसीदपुरा के पास बुधवार देर रात दो विरोधी गैंग में गैंगवार हो गई। जिसमें एसपी गैंग के मुखिया संदीप पिलानिया (34) की फावड़े, सरियों और रॉड से हमला कर हत्या कर दी गई। उसका साथी आनंद शर्मा गंभीर घायल है। आनंद के हाथ-पैर में कई फ्रैक्चर हैं। घटना के बाद मृतक के परिजन, ग्रामीण और साथी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर एसके अस्पताल की मोर्चरी के बाहर धरने पर बैठ गए। पुलिस अधीक्षक संजीव नैन ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए डीएसटी सहित कई टीमें लगाई गई हैं। उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

सदर थाना पुलिस के अनुसार, मृतक के भाई कुलदीप की रिपोर्ट में हिस्ट्रीशीटर जितेंद्र लोसल और छह नामजद आरोपियों सहित करीब 25 लोगों पर हत्या का मामला दर्ज कराया गया है। आरोप है कि संदीप बुधवार रात करीब 12.30 बजे अपने साथियों के साथ भढ़ाडर की वर्कशॉप से निकला था। बदमाशों ने उसका पीछा किया। नायरा पेट्रोल पंप के पास तीन चार गाड़ियों में सवार बदमाशों ने उसकी गाड़ी को टक्कर मारकर रोक लिया। संदीप के साथी प्रवीण, शोयल व मोहित मौका पाकर गाड़ी से उतरकर जान बचाकर भाग गए।

संदीप और आनंद को घेरकर हमला

संदीप और आनंद भागने लगे तो आरोपियों ने उन्हें पकड़ लिया। बदमाशों ने फावड़े, लाठी, सरियों, रॉड और धारदार हथियारों से हमला किया, जिसमें संदीप की मौके पर मौत हो गई। संदीप के खिलाफ आर्म्स, मारपीट और ड्रग तस्करी के चार मामले दर्ज है। संदीप शादीशुदा था। वह पहले बिजली निगम के ठेके लेता था। इसके बाद उसने यूएसडीटी, शराब ठेका सहित अन्य काम भी करने लगा।

आनंद के हाथ-पैर में कई फ्रैक्चर

आरोपियों ने संदीप के साथी आनंद शर्मा (35) पर भी सरियों और रॉड से हमला किया। उसके बाएं पैर में तीन जगह और बाएं हाथ की कोहनी, कंधे व अंगुली में फ्रैक्चर है। बेहोश होने के बाद आरोपी उसे छोड़कर भाग गए। उसका सीकर के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

आरोपियों पर पहले से मामले

संदीप पिलानिया की हत्या के आरोपी हिस्ट्रीशीटर जितेंद्र लोसल के खिलाफ विभिन्न थाना क्षेत्रों में 14 मामले दर्ज है। वहीं उमेश उर्फ पोलक के खिलाफ हत्या सहित 11 व अरबाज के खिलाफ भी हत्या सहित करीब 7 गंभीर प्रकृति के मामले दज्ज हैं। पुलिस आरोपी नितेश उर्फ वीरु, कालू खेड़ी व सुमित पिलानियां की क्राइम कुंडली खंगाल रही है।

वारदात से पहले होटल में तोड़फोड़

पुलिस के अनुसार संदीप की हत्या से पहले आरोपियों ने सेवद के पास एक होटल में तोड़फोड़ की व एक गाड़ी के टक्कर भी मारी। इसके बाद बदमाश आगे निकले तो रास्ते में संदीप की गाड़ी दिखाई दी तो उसका पीछा करना शुरू कर दिया। एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने पेट्रोल पंप से सीसीटीवी फुटेज जुटाए हैं। देर रात हुई वारदात के बाद पुलिस ने पूरे इलाके में नाकाबंदी कर दी। गुरुवार को भी संदिग्ध स्थानों पर दबिश दी गई लेकिन अब तक आरोपियों का सुराग नहीं लगा है।