अजमेर

राजस्थान: अजमेर में एक ही परिवार के 3 लोगों ने दी जान, भांजे की पत्नी को फोन कर कहा- अब बात नहीं होगी, अलविदा

अजमेर के गढ़ी मलियान में शनिवार रात अशोक शर्मा (59), पत्नी इंद्रा (52) और बेटी दीक्षा (20) ने जहर खा लिया। तीनों की अस्पताल में मौत हो गई। अशोक ने जहर पीने से पहले भांजे की पत्नी को फोन कर ‘अब बात नहीं होगी’ कहा था। पड़ोसियों ने कर्ज की बात बताई है।
2 min read
Sep 20, 2026
same family committed suicide in ajmer
अजमेर में एक ही परिवार के 3 लोगों ने की सामूहिक आत्महत्या, जांच करती पुलिस (फोटो- आईएएनएस)

अजमेर: राजस्थान के अजमेर में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से सनसनी फैल गई। आदर्श नगर थाना क्षेत्र के गढ़ी मलियान इलाके में शनिवार रात एक व्यवसायी ने अपनी पत्नी और 20 वर्षीय बेटी के साथ कथित तौर पर जहर का सेवन कर लिया। तीनों की इलाज के दौरान अजमेर के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में मौत हो गई। मृतकों की पहचान अशोक शर्मा (59), उनकी पत्नी इंद्रा शर्मा (52) और बेटी दीक्षा शर्मा (20) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, तीनों ने जहर की गोलियां पानी में मिलाकर पी ली थी। घटना रात करीब 7:30 से 8 बजे के बीच की बताई जा रही है। जहर का सेवन करने के बाद तीनों की तबीयत बिगड़ गई। पड़ोसियों और परिजनों की मदद से उन्हें तत्काल जेएलएन अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान तीनों ने दम तोड़ दिया।

जहर पीने से पहले भांजे की पत्नी को किया फोन

एएसआई संजय कुमार के अनुसार, घटना से पहले अशोक शर्मा ने फुलेरा (जयपुर) में रहने वाले अपने भांजे निर्मल को फोन किया था। निर्मल की पत्नी ने फोन उठाया तो अशोक ने कथित तौर पर कहा, अब बात नहीं होगी, अलविदा। इसके बाद उन्होंने फोन काट दिया।

अशोक की इस बात से चिंतित होकर उनकी पत्नी ने निर्मल को जानकारी दी। निर्मल ने तत्काल अजमेर में रहने वाले अशोक के पड़ोसी गुरुदत्त को फोन कर उनके घर जाने के लिए कहा। गुरुदत्त जब घर पहुंचे तो अशोक, इंद्रा और दीक्षा की हालत गंभीर थी। बताया जा रहा है कि तीनों बेड पर तड़प रहे थे। इसके बाद पड़ोसी और अन्य लोग उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे।

बेटे के सामने मां-बाप और बहन ने दम तोड़ा

घटना के समय अशोक शर्मा का बेटा गौरव भी घर में मौजूद था। गौरव जयपुर की एक निजी कंपनी में नौकरी करता है और करीब दो दिन पहले ही अजमेर आया था। परिवार की बहू फिलहाल अपने मायके गई हुई थी। मां, पिता और बहन की मौत की जानकारी के बाद गौरव की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। परिजनों और आसपास के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

लाखों के कर्ज की बात सामने आई, पुलिस कर रही जांच

अशोक शर्मा फर्नीचर का काम करते थे। पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि अशोक पर लाखों रुपये का कर्ज था और वह इसे लेकर परेशान चल रहे थे। इसी वजह से परिवार द्वारा यह कदम उठाए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी आर्थिक परेशानी को मौत की वजह मानने की पुष्टि नहीं की है। जेएलएन अस्पताल के डॉक्टरों ने प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई कि तीनों ने जहर की अधिक मात्रा का सेवन किया था, जिसके चलते उनकी हालत तेजी से बिगड़ी।

घटना की सूचना मिलते ही आदर्श नगर थाना सीआई ओमप्रकाश मीणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस परिवार के सदस्यों, पड़ोसियों और अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि क्या घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट मिला है। थाना प्रभारी ओमप्रकाश मीणा का कहना है, अभी घटना के कारणों को लेकर कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Updated on:
20 Sept 2026 10:22 am
Published on:
20 Sept 2026 10:04 am