Rajasthan News: सूचना पर रामगंज थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर भीड़ को शांत करवाकर खानाबदोश नूर हुसैन (36) को हिरासत में लिया।
Uproar Over Calf Death: अजमेर के रामगंज थाना क्षेत्र में दौराई गांव के निकट सोमवार सुबह बछड़े का धारदार हथियार से गला काटने का मामला सामने आने पर क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। मौके पर जुटी भीड़ ने आरोपी युवक की पिटाई कर दी। पुलिस ने संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है।
सोमवार सुबह ब्यावर रोड दौराई के निकट जैन नमकीन फैक्ट्री के सामने सड़क पर एक युवक ने धारदार हथियार से बछड़े का गला रेंत दिया। आसपास मौजूद लोगों ने सड़क पर बछड़ा पड़ा देखा तो हंगामा खड़ा हो गया। सूचना पर हिंदूवादी संगठन के सदस्य भी पहुंच गए। आक्रोशित भीड़ ने बछड़े के पास मिले युवक की जमकर पिटाई कर दी।
सूचना पर रामगंज थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर भीड़ को शांत करवाकर खानाबदोश नूर हुसैन (36) को हिरासत में लिया। सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) हिमांशु जांगिड़ व सीओ(साउथ) मनीष बड़गूजर, प्रशिक्षु आरपीएस डा. दीपेन्द्र सैनी ने हालात का जायजा लिया। पुलिस ने हिरासत में लिए गए संदिग्ध नूर हुसैन का जेएलएन अस्पताल में मेडिकल कराया। पुलिस आरोपी से गहनता से पड़ताल में जुटी है।
बछड़े के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पशुपालन विभाग के शास्त्रीनगर स्थित पॉलीक्निक भेजकर पोस्टमॉर्टम करवाया। मामले में जवाहर की नाड़ी निवासी अनिकेत महावर की रिपोर्ट पर राजस्थान गोवंशीय पशु (वध का प्रतिषेध व अस्थायी प्रवर्जन या निर्यात का विनियमन) अधिनियम 1995 की विभिन्न धाराओं, धार्मिक भावना को आहत करने व पशु क्रूरता में प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार हिरासत में लिया गया नूर मोहम्मद रामगंज थाना क्षेत्र में खानाबदोश का जीवन बसर करता है। पुलिस उसकी पहचान का प्रयास कर रही है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस वारदात में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के प्रयास कर रही है।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए सतर्कता बरती जा रही है। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है। बछड़े का गला रेंता गया था। मामले में शिकायत पर प्रकरण दर्जकर निष्पक्ष जांच की जा रही है। संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है।
हिमांशु जांगिड़, एडि.एसपी (शहर), अजमेर