
अजमेर। शहर में चेन स्नेचिंग की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। गुरुवार दोपहर दिनहाड़े गांधी भवन चौराहा पर बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला के गले पर झपट्टा मार कर ढाई तोले वजनी सोने की चेन तोड़कर फरार हो गए। वारदात से बाजार में हड़कंप मच गया। पीड़िता ने कोतवाली थाना में मामला दर्जकर करवाया। पुलिस सीसी टीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान के प्रयास में जुटी है। सोने की चेन की कीमत करीब 4 लाख रुपए बताई जा रही है।
यह वीडियो भी देखें
पुलिस के अनुसार कायड़ रोड यूनिवर्सिटी चौराहा निवासी संजना गुरुवार को खरीदारी के लिए गांधी भवन क्षेत्र से पैदल गुजर रही थी। तभी पीछे से बाइक पर आए दो बदमाशों ने संजना को टारगेट किया। इससे पहले कि संजना कुछ समझ पाती बाइक पर पीछे बैठे युवक ने उसके गले में पहनी सोने की चेन पर झपट्टा मारा। वारदात इतनी तेजी से हुई की संजना सम्भल भी नहीं पाई और आरोपी मौके से फरार हो गए। लूटी गई चेन का वजन करीब ढाई तोला था। दिनदहाड़े वारदात से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने लुटेरों का पीछा कर पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी तेज रफ्तार बाइक पर फरार होने में कामयाब रहे।
वारदात के बाद पीड़िता संजना क्लॉक टावर थाने पहुंची। पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। सूचना पर थानाधिकारी भीखाराम काला महिला को साथ लेकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्राथमिक जांच में सामने आया कि घटनास्थल कोतवाली थाना क्षेत्र का है। इसके बाद संबंधित थाना पुलिस को भी मामले की सूचना देकर आवश्यक कार्रवाई शुरू करवाई गई।
पुलिस ने लूट का मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान के लिए पीड़िता को अभय कमांड सेंटर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज दिखाई जा रही है। इसके अलावा घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है। पुलिस का मानना है कि बाइक सवार बदमाशों ने रेकी के बाद महिला को निशाना बनाया। फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है।
वहीं दूसरी तरफ अजमेर के केसरगंज क्षेत्र में एक परिवार ने अपनी घरेलू कामवाली बाई पर लाखों रुपए के सोने के जेवर चोरी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने क्लॉक टावर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने महिला से पड़ताल की। उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसे प्रकरण में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार महावीर मोहल्ला निवासी अमन जैन ने रिपोर्ट देकर घरेलू कामवाली बाई मनीषा गोयर पर सोने के जेवर चोरी का आरोप लगाया।
जैन ने बताया कि एक माह पहले अलमारी में रखे सोने के आभूषण चोरी हो गए। उन्होंने अब अलमारी और दराज में रखा सामान देखा तो जेवर नहीं मिले। उन्होंने मनीषा पर संदेह जताया। पुलिस ने राजगढ़ हाल केसरगंज निवासी मनीषा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे चोरी का माल बरामदगी के प्रयास में जुटी है। रिपोर्ट के अनुसार चोरी हुए जेवरों में 13.5 ग्राम वजन का सोने का कड़ा और सोने की चार अंगूठियां शामिल हैं। प्रत्येक अंगूठी का वजन लगभग 4 से 5 ग्राम है।