अजमेर

पुष्कर मेले में देसी पिस्टल और कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार, वारदात की फिराक में होने का शक; उमड़ रहे श्रद्धालु

पुष्कर मेले के दौरान पुलिस और डीएसटी ने एक युवक को अवैध देसी पिस्टल व चार जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। सरोवर के घाटों पर पंचतीर्थ स्नान के लिए श्रद्धालु उमड़े। आज से दो दिवसीय कुश्ती दंगल शुरू होगा।
2 min read
• •
Updated: 22 Nov 2026, 10:57 AM IST
pushkar fair 2026
आरोपी कोमल सिंह उर्फ गुड्डू और मेले में उमड़ी भीड़ (पत्रिका फोटो)

Pushkar Mela 2026: अजमेर: अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले के बीच कृष्णगंज थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने एक युवक को अवैध देसी पिस्टल और चार जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने श्रीवाटिका के पास घेराबंदी कर उसे पकड़ा। उधर, पुष्कर सरोवर के घाटों पर पंचतीर्थ स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ रही है। मेला मैदान में रविवार से दो दिवसीय ‘पुष्कर मेला केसरी’ कुश्ती दंगल शुरू होगा।

श्रीवाटिका के पास घेराबंदी कर पकड़ा

वृत्ताधिकारी (उत्तर) शिवम जोशी ने बताया कि 20 नवंबर को डीएसटी प्रभारी शंकरसिंह रावत को श्रीवाटिका के पास एक युवक के अवैध हथियार के साथ घूमने की सूचना मिली थी। एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देश पर डीएसटी और कृष्णगंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर के बताए हुलिए के आधार पर युवक को पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान डीडवाना-कुचामन के पीलवा बंबाल निवासी कोमल सिंह उर्फ गुड्डू (29) के रूप में हुई। तलाशी में उसकी कमर से देसी पिस्टल और पैंट की जेब से चार जिंदा कारतूस मिले। वह हथियार रखने का वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, गेगल थाने में उसके खिलाफ धमकाकर अवैध वसूली का एक मामला भी दर्ज है, जो अदालत में विचाराधीन है।

स्नान के दौरान डूबने लगे दादी-पोते, सिविल डिफेंस ने बचाया

शनिवार को सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पुष्कर सरोवर में दूसरा पंचतीर्थ महास्नान किया। इसी दौरान वराह घाट पर स्नान करने आईं जयपुर निवासी पूजा देवी और उनके पोते दिशांत कुंड में डूबने लगे। मौके पर तैनात सिविल डिफेंस के जवान महासिंह ने दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला।

शाम को सरोवर के घाट मंत्रोच्चार और जयकारों से गूंज उठे। वराह घाट पर पांच दिन तक रोज शाम संगीतमय महाआरती का आयोजन हो रहा है। चीर घाट पर एकादशी से पूर्णिमा तक महाआरती होगी। रविवार को एकलिंगेश्वर प्रदोष महाआरती में छप्पन भोग और अन्नकूट अर्पित किए जाएंगे। दाधीच भवन के सामने 23 और 24 नवंबर को निःशुल्क भंडारा लगेगा।

आज से मैट पर उतरेंगे पहलवान, सात भार वर्गों में मुकाबले

‘पुष्कर मेला केसरी’ कुश्ती दंगल 22 और 23 नवंबर को होगा। इसका शुभारंभ राजस्थान राज्य कुश्ती संघ के अध्यक्ष राजीव दत्ता करेंगे। मुकाबले यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग के नियमों के तहत मैट पर खेले जाएंगे। पुरुषों के चार और महिलाओं के तीन भार वर्ग होंगे। विजेताओं को नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। पहलवानों का वजन रविवार सुबह 8 से 10 बजे तक मेला मैदान में लिया गया।

Updated on:
22 Nov 2026, 10:57 AM IST
Published on: