लड़खड़ाती आवाज निकलने से पहले बुजुर्ग राम सिंह की आंखों में आंसू आ जाते हैं..
अलीगढ़। बेटा-बेटी के हत्यारों को सजा दिलाने के लिए 105 साल वर्षीय पिता को पुलिस की चौखट पर भटकना पड़ रहा है। सोमवार को बुजुर्ग पिता एसपी के पास गुहार लेकर पहुंचा। इंसाफ न मिलने पर आत्महत्या करने की धमकी दी तो एसपी साहब ने उसकी गुहार सुनने की बजाय कह दिया- मर जाओ..दो चार साल और जिओगे। जिसके बाद आंखों में आंसू लेकर पीड़ित पिता एसएसपी ऑफिस के सामने ही धरना पर बैठ गया।
दो साल पहले बेटा-बेटी की हत्या
थाना जवां क्षेत्र के चाऊपुर निवासी 105 साल के राम सिंह सिस्टम से नाराज होकर एसएसपी ऑफिस पर धरना देने पहुंच गए। राम सिंह के पुत्र श्याम व पुत्री महेंद्री की 22 जनवरी 2016 को हत्या कर दी गई थी। दोनों के शव काली नदी के पास मिले थे। श्याम और महेंद्री ब्याज पर पैसा उठाने का काम करते थे। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी। बाद में हत्या आरोपियों का पता चला। जिसमें सोनू, मृतक का रिश्तेदार विजय, शांति, शैलू, किशन, गुड़िया शामिल है। भाई-बहन दोनों की हत्या पैसे व जमीन के लालच में की गयी थी।
कोर्ट के आदेश पर भी कार्रवाई नहीं
पीड़ित राम सिंह का कहना है कि इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है। इस संबंध में 2 मई और 21 मई 2016 को पत्र लिख पुलिस के आला अधिकारियों को भी अवगत कराया गया। फिर भी कोई सुनवाई नहीं हुई। जिसके बाद पीड़ित पिता ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट ने 28 नवंबर 2016 को आरोपियों की गिरफ्तारी और नारको टेस्ट कराने का आदेश दिया, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
एसपी बोले- मर जाओ...
इसी से नाराज होकर पीड़ित पिता राम सिंह ने एसएसपी कार्यालय पर धरना दिया। राम सिंह रोते हुए बताया कि एसपी साहब से गुहार लगाई। इंसाफ न मिलने पर आत्महत्या की धमकी दी तो उन्होंने कह दिया- मर जाओ। लाचार पिता का आरोप है कि पुलिस कार्रवाई के नाम पर के नाम पर कभी पचास हजार रुपये तो कभी एक लाख रुपए मांग रही है। अब ऐसे में वो किसके पास इंसाफ मांगने जाएं।