
girl
बरेली। बहेड़ी के नदेली गांव में बेटी की हत्या के मामले में पुलिस ने लड़की की मां को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि लड़की का पिता अभी भी फरार है। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। पुलिस हिरासत में मां ने बेटी की हत्या में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली है। बहेड़ी के प्रभारी निरीक्षक नरेश त्यागी ने बताया कि लड़की की हत्या के मामले में लड़की की मां को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस हिरासत में मां ने बताया कि लड़की जेल में बन्द अपने प्रेमी के पक्ष में गवाही देना चाहती थी। उसे कई बार समझाया गया लेकिन वो नही मानी। लड़की की आज चाइल्ड वेलफेयर कमेटी में पेशी होनी थी। लड़की कहीं प्रेमी के पक्ष में गवाही न दे दे, ये सोचकर उसके पिता ने उसका गला दबा कर हत्या कर दी।
मामा के पास रह रही थी लड़की
तीन मार्च को लड़की अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई थी, जिसके बाद लड़की के परिजनों ने दूसरे समुदाय के प्रेमी के घर पर धावा बोलकर घर मे आग लगा दी थी। लड़की पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने लड़की के प्रेमी के खिलाफ पास्को एक्ट में मुकदमा दर्ज कर प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मामला इस समय चाइल्ड वेलफेयर सोसाइटी में चल रहा है। बरामदगी के बाद लड़की पचपेड़ा में अपने मामा के घर रह रही थी और रविवार को ही वापस आई थी। लड़की के घर वालों ने उसे काफी समझाया, लेकिन वो अपने प्रेमी के साथ रहने की जिद कर रही थी। इससे नाराज होकर लड़की के पिता ने उसकी मां के सामने ही उसका गला दबाकर मार डाला और लड़की का अंतिम संस्कार करने के लिए ले गया। लेकिन इस बीच किसी ने 100 नम्बर पर पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो आरोपी पिता फरार हो गया। पुलिस ने लड़की के अधजले शव को चिता से निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
डायरी भी हुई बरामद
घटना के बाद आईजी रेंज डीके ठाकुर और एसएसपी जोगेन्द्र कुमार मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का मुआयना किया। फारेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंच कर साक्ष्य एकत्र किए हैं। इस मामले में एडीजी प्रेमप्रकाश ने बताया कि जांच के दौरान ये बात सामने आई है कि लड़की की चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के सामने पेश किया जाना था। लड़की अपने प्रेमी के पास जाना चाहती थी, घरवाले इस बात का विरोध कर रहे थे। इसे लेकर घर वाले नाराज हुए और पिता ने उसका गला घोंट दिया। आगे की विवेचना फिलहाल जारी है। पुलिस को एक डायरी भी बरामद हुई है जिसमें ऐसी ही बातों का जिक्र किया गया है। फिलहाल लड़की की मां को गिरफ्तार कर लिया गया है।
ये था मामला
बहेड़ी के नदेली गांव में रहने वाली 15 साल की लड़की का गांव के ही रहने वाले दूसरे समुदाय के लड़के रईस अहमद से प्रेम संबंध थे। तीन मार्च को रईस किशोरी को लेकर फरार हो गया था। जिसके बाद गांव के लोगों के साथ मिलकर किशोरी के परिजनों ने कई घरों को आग के हवाले कर दिया था। इस मामले में पुलिस ने छात्रा के परिजनों की तरफ से पास्को एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आरोपी रईस अहमद को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इस घटना के बाद से लड़की लगातार प्रेमी के साथ रहने की बात कह रही थी जिससे नाराज होकर पिता ने रविवार को उसका गला घोंटकर हत्या कर दी थी।
Published on:
16 Apr 2018, 3:40 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.