अलीगढ़

20 दिन की बेटी को दूसरे परिवार को सौंपने पहुंची मां, गरीबी और पति की शराब की लत बनी वजह

Mother Gives Baby for Adoption: अलीगढ़ में आर्थिक तंगी से परेशान एक मां अपनी 20 दिन की नवजात बेटी को दूसरे परिवार को सौंपने नर्सिंग होम पहुंच गई। पति की बेरोजगारी और शराब की लत के कारण पांच बच्चों की परवरिश मुश्किल हो रही थी। डॉक्टर के शक पर पुलिस ने जांच शुरू की। अब बाल कल्याण समिति बच्ची की सुरक्षा और भविष्य की निगरानी करेगी।
3 min read
• •
Updated: 20 Nov 2026, 12:27 PM IST
UP News
मां नवजात बेटी को दूसरे परिवार को सौंपने पहुंची (एक्स फोटो यूनाइटेड भारत)

Aligarh Crime News: अलीगढ़ के जवां इलाके में गरीबी और पारिवारिक परेशानियों से जूझ रही एक मां अपनी 20 दिन की नवजात बेटी को दूसरे परिवार को सौंपने नर्सिंग होम पहुंच गई। महिला के पहले से चार बच्चे हैं। उसका कहना है कि पति बेरोजगार है और शराब पीने का आदी है। पांच बच्चों की जिम्मेदारी उठाना उसके लिए मुश्किल हो रहा है। नर्सिंग होम के डॉक्टर को बच्ची को दूसरे परिवार को देने की बात संदिग्ध लगी तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने महिला से पूछताछ की। अब बच्ची की सुरक्षा और भविष्य को लेकर बाल कल्याण समिति निगरानी करेगी।

पति की बेरोजगारी से परेशान थी मां, 20 दिन पहले ही हुई थी पांचवीं संतान

मामला अलीगढ़ के जवां थाना क्षेत्र में सुमेरा झाल स्थित आदिल नर्सिंग होम का है। जाकिर नगर की रहने वाली सोनी के परिवार में पहले से दो बेटे और दो बेटियां हैं। करीब 20 दिन पहले उसने पांचवीं संतान के रूप में एक बेटी को जन्म दिया था। महिला के मुताबिक, उसका पति कोई काम नहीं करता और ज्यादातर समय शराब के नशे में रहता है। घर का खर्च चलाने से लेकर बच्चों की जरूरतें पूरी करने तक की जिम्मेदारी उसके सामने है। बच्चों की पढ़ाई, खानपान और रोजमर्रा के खर्च के लिए पैसे जुटाना भी मुश्किल हो रहा था।

पांचवीं संतान के जन्म के बाद परिवार की जिम्मेदारियां और बढ़ गईं। ऐसे में महिला को अपनी नवजात बेटी के भविष्य की चिंता सताने लगी। बताया जा रहा है कि किसी ने उसे सलाह दी थी कि बच्ची को ऐसे परिवार को सौंप दिया जाए, जो उसकी अच्छी तरह परवरिश कर सके। इसी के बाद उसने बेटी को दूसरे परिवार को देने का फैसला किया।

डॉक्टर को हुआ शक, पुलिस को दी सूचना

जानकारी के मुताबिक, बुधवार को सोनी ने आदिल नर्सिंग होम के डॉक्टर रफीक से फोन पर संपर्क किया था। इसके अगले दिन गुरुवार को वह अपनी पड़ोसन रेशमा के साथ नवजात बच्ची को लेकर नर्सिंग होम पहुंची। उस समय डॉक्टर वहां मौजूद नहीं थे। नर्सिंग होम में बच्ची को दूसरे परिवार को सौंपने की बात सामने आई तो मामला संदिग्ध लगा। डॉक्टर को आशंका हुई कि कहीं नवजात की खरीद-फरोख्त तो नहीं हो रही है। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दे दी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों महिलाओं को बच्ची समेत थाने ले आई। इसके बाद उनसे पूछताछ शुरू की गई। शुरुआती तौर पर बच्ची को बेचे जाने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया।

मां बोली- बेचना नहीं चाहती, अच्छी परवरिश देना चाहती हूं

पुलिस पूछताछ में सोनी ने बच्ची को बेचने की बात से इनकार किया। उसका कहना था कि आर्थिक परेशानियों के कारण वह बेटी की परवरिश करने में खुद को असमर्थ महसूस कर रही थी। वह चाहती थी कि बच्ची किसी ऐसे परिवार में रहे, जहां उसे अच्छा खानपान, शिक्षा और बेहतर भविष्य मिल सके।

महिला ने बताया कि पहले से चार बच्चों की जिम्मेदारी है। पति की बेरोजगारी और शराब पीने की आदत ने परिवार की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पुलिस ने पूछताछ के दौरान महिला की पहचान और बच्ची की मां होने की पुष्टि भी की। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि बच्ची को दूसरे परिवार को सौंपने की योजना किन परिस्थितियों में बनी थी।

डीएसपी ने थाने पहुंचकर की पूछताछ, पति की तलाश

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी सर्वम सिंह भी जवां थाने पहुंचे। उन्होंने दोनों महिलाओं से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस अब सोनी के पति की तलाश कर रही है, ताकि उससे भी पूछताछ की जा सके और परिवार की वास्तविक स्थिति का पता लगाया जा सके। महिला के पास मोबाइल फोन नहीं होने के कारण उसके पति से संपर्क करने में परेशानी आ रही है। पुलिस की ओर से दोनों महिलाओं से लिखित माफीनामा लेने की बात भी सामने आई है।

Updated on:
20 Nov 2026, 12:27 PM IST
Published on: