
अलीगढ़। पिसावा क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती के विरोध में ग्रामीण धरना दे रहे थे, वहीं एक नाराज किसान ने कुछ अलग तरीके से अपना विरोध जताया। दादरी से आगरा जा रही चार लाख वोल्ट वाली एनटीपीसी की लाइन के टावर पर किसान चढ़ गया और बिजली की मांग करने लगा। बिजली नहीं देने पर तार को छूकर जान देने की चेतावनी दी। इससे इलाके में हड़कंप मच गया।
काफी देर तला मान मनौव्वल का दौर
किसान पिसावा के डेटा खुर्द गांव का निवासी कालू है। मौके पर धरना दे रहे किसानों के अलावा बड़ी संख्या में ग्रामीण भी जुट गए। मौके पर पहुंची पुलिस भी कालू को समझाती रही। घंटों कालू को बिजली के टावर से उतारने के लिए मान-मनौव्वल किया गया।
दरअसल बिजली की कटौती से गांव के किसान परेशान हैं और बिजली की मांग को लेकर स्थानीय बिजली घर दरगवां पर धरना प्रदर्शन दे रहे थे। धरना दे रहे किसानों को उम्मीद थी कि बिजली विभाग के अधिकारी उनकी बात को सुनेंगे लेकिन कोई भी अधिकारी किसानों की सुध लेने नहीं पहुंचा। जिससे किसानों का गुस्सा भड़क गया।
दो घंटे बाद उतरा किसान
एक तरफ किसान जिलाअधिकारी चंद्र भूषण सिंह से मिलने का मन बना रहे थे, इसी बीच कालू दरगवां बिजली घर के करीब एनटीपीसी की चार लाख वोल्ट के टावर पर चढ़ गया और आत्महत्या करने की धमकी देने लगा। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी देर कालू को समझाया और फिर करीब दो घंटे के बाद कालू को नीचे उतारा गया। कालू को उतारने के बाद लोगों ने चैन की सांस ली।