
अलीगढ़ : उत्तर प्रदेश को एक नया जिला बहुत जल्द मिल सकता है। नए जिले को बनाने को लेकर विभागों के बीच फाइलें रफ्तार पकड़ चुकी हैं। यह जिला अलीगढ़ और बुलंदशहर की तहसीलों को काटकर बनाया जाएगा। इस जिले को अलीगढ़ की दो तहसीलें अतरौली और गंगीरी, वहीं बुलंदशहर की डिबाई को जोड़कर बनाया जाएगा। शासन ने दोनों जिलों के डीएम से राजस्व परिषद की रिपोर्ट मांगी है। इस नए जिले का नाम यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के नाम पर कल्याण सिंह नगर रखा जाएगा।
इस जिले को बनाने की मांग कल्याण सिंह ने उठाई थी। लेकिन, विपक्षी दलों से सहयोग न मिल पाने के कारण यह बात आगे नहीं बढ़ पाई। अब कल्याण सिंह के बेटे राजवीर सिंह ने इस मामले में सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को चिट्ठी लिखी है। राजवीर सिंह उर्फ़ राजू ने पत्र में तर्क दिया है कि बाबूजी ने उत्तर प्रदेश और बीजेपी के लिए बहुत कुछ किया है। अतरौली उनकी कर्मभूमि रही है। हालांकि, कई विकास कार्य अधूरे रह गए। क्षेत्र की जनता की मांग है कि अगर अलग जिला बाबूजी के नाम पर बनता है तो तेजी से विकास होगा। दरअसल, अतरौली, गंगीरी और डिबाई इलाके में लाखों की आबादी है। लोगों को प्रशासनिक कामों के लिए दूर अलीगढ़ या बुलंदशहर जाना पड़ता है। इस वजह से भी नया जिला बनने से स्थानीय स्तर पर कामकाज आसान होगा।
योगी सरकार ने राजवीर सिंह के प्रस्ताव को गंभीरता से लिया है। शासन ने अलीगढ़ और बुलंदशहर के जिलाधिकारियों से कहा है कि क्षेत्र की जनसंख्या, राजस्व, दूरी और सुविधाओं की पूरी रिपोर्ट तैयार करें। नए जिले की सीमाएं कैसे तय होंगी, इसका नक्शा बनाएं। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों की राय लें। रिपोर्ट आने के बाद कैबिनेट में प्रस्ताव जाएगा। अगर सब ठीक रहा तो जल्द ही नया जिला बन सकता है। अलीगढ़ के डीएम संजीव रंजन ने बताया कि शासन की तरफ से जिन बिंदुओं पर रिपोर्ट मांगी गई है उसे जल्द ही उपलब्ध करवाया जाएगा।
कल्याण सिंह 1967 में पहली बार अलीगढ़ की अतरौली विधानसभा सीट से चुनाव लड़े थे। भारतीय जनसंघ के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरे कल्याण सिंह ने उस समय कांग्रेस नेता को 4351 वोटों के अंतर से हराया था। इसके बाद 1969, 1974, 1977, 1980, 1985, 1989, 1991, 1993, 1996 और 2002 के चुनावों में उन्होंने इस सीट से कुल 10 बार चुनाव लड़ा और 9 बार जीत हासिल की। केवल 1980 के विधानसभा चुनाव में उन्हें कांग्रेस नेता अनवर खान के हाथों हार का सामना करना पड़ा। जून 1991 में कल्याण सिंह पहली बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने।
एक नया जिला बनाने पर आम तौर पर लगभग 2000 करोड़ रुपये का खर्च आता है, जिसमें प्रशासनिक भवन, सड़कें, पानी-विद्युत व्यवस्था, स्टाफ की नियुक्ति और अन्य आधारभूत सुविधाएं शामिल हैं। जिला मुख्यालय, न्यायालय, जिला परिषद, कृषि, शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग के भवनों के निर्माण में ही अकेले लगभग 500 करोड़ रुपये तक आ सकते हैं। सड़क नेटवर्क, पानी, सफाई, अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए बचा हुआ खर्च अनुमानित 1500 करोड़ रुपये तक होता है।